जौनपुर। शाहगंज थाना पुलिस ने कन्वर्जन के एक मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर बीमारी ठीक करने का झांसा देकर और अन्य प्रलोभन देकर लोगों का जबरन कन्वर्जन कराने का आरोप है। पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान कई बाइबिल किताबें, क्रॉस वाली मालाएं, रजिस्टर और प्रचार सामग्री बरामद किया है।
कन्वर्जन नहीं करने पर धमकी
पुराना चौक मोहल्ला निवासी विरेंद्र कुमार जायसवाल ने शाहगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया कि बद्दोपुर निवासी प्रदीप गौतम उर्फ सूर्या और उनकी पत्नी सविता देवी, उनके अपने बेटे नितिन कुमार जायसवाल और बहू प्रीति जायसवाल तथा कुछ अज्ञात लोग उनकी इच्छा के विरुद्ध जबरन कन्वर्जन कराने का दबाव बना रहे हैं। कन्वर्जन नहीं करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है।
शाहगंज थाने में मुकदमा दर्ज
शिकायत के आधार पर थाना शाहगंज में मुकदमा संख्या 423/2025 दर्ज किया गया। यह मुकदमा भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 352 व 351(3) तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 की धारा 3/5(1) के तहत पंजीकृत हुआ। 29 दिसंबर 2025 को उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने पुराना चौक मोहल्ले में प्रीति जायसवाल के घर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में प्रदीप गौतम उर्फ सूर्या (बद्दोपुर निवासी), उनकी पत्नी सविता देवी और प्रीति जायसवाल (पुराना चौक निवासी) शामिल हैं।
आरोपियों के पास से मिलीं बाइबिल
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई बाइबिल किताबें, क्रॉस वाली मालाएं, एक रजिस्टर और धर्म परिवर्तन संबंधी साहित्य बरामद किए। गिरफ्तार आरोपियों को अग्रिम विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया। मामले में अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।

















