मध्य प्रदेश में उज्जैन जिले के खाचरोद में दुष्कर्म के प्रयास में नाकाम होने पर नौ साल की बच्ची की नृशंस हत्या करने वाले आरोपी रियाज खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मंगलवार (16 दिसंबर) को रियाज को खूब पीटा और मार-मारकर शहर में उसका जुलूस निकाला। इस दौरान स्थानीय लोगों के साथ पुलिसकर्मियों में भी आक्रोश देखने को मिला। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में रियाज लंगड़ाते हुए दिखाई दे रहा है। इस घटना से आहत यूजर्स ने कहा कि बच्ची के हत्यारे के साथ भी वही होना चाहिए, जो इसने किया।
इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल को झकझोर देने वाली यह घटना खाचरोद तहसील के एक गांव की है। बताया जा रहा है कि यहां एक नौ साल की बच्ची अपनी दो बड़ी बहनों के साथ रविवार (14 दिसंबर) को छुट्टी मनाने नानी के घर आई थी। दोनों बड़ी बहनें नानी के साथ धूप में छत पर बैठी थीं। बच्ची नीचे खेल रही थी। वह खेलते-खेलते आरोपी के घर के पास जा पहुंची। बच्ची को अकेला देखकर रियाज खान की नियत बिगड़ गई। उसने मासूम के साथ दुष्कर्म की कोशिश की तो वह चिल्लाने लगी। इस पर रियाज ने बच्ची को उठाकर पटक दिया, जिससे वह बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद आरोपी ने उसे एक बोरी में डालकर वजनदार वस्तु से खूब पीटा और उसे मरा हुआ समझकर घर से बाहर फेक दिया।
जब बच्ची के घर वाले उसकी तलाश करने लगे तो रियाज ने बोरी खोलकर देखी, उस वक्त बच्ची की सांसें चल रही थी। तभी उसने एक झूठी कहानी बनाई और बच्ची को उठाकर उसकी नानी के पास ले गया। उसने उन्हें बताया कि बच्ची खेलते हुए छत से गिर गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। यह सुनते ही मासूम के घरवाले गंभीर अवस्था में उसे पहले खाचरोद के अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे रतलाम रेफर कर दिया। अस्पताल में बच्ची की ऐसी हालत देखकर डॉक्टर ने बताया कि यह चोट उसे गिरने से नहीं, बल्कि उस पर किसी वजनदार वस्तु से वार करने के कारण लगी है। इलाज के दौरान सोमवार (15 दिसंबर) को मासूम की मौत हो गई।
इसे भी पढ़ें: भारत विरोधी नेता उस्मान हादी की मौत पर बांग्लादेश में बवाल: आगजनी व तोड़फोड़, निशाने पर आवामी लीग
एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड की मदद से रियाज को पकड़ा
बताया जा रहा है कि जिस वक्त बच्ची को अस्पताल ले जाया गया था, उस समय उसकी नाक और मुंह से खून निकल रहा था। मुंह पूरा सूजा हुआ था। बच्ची को इस हालत में देखकर अस्पताल और पुलिस स्टाफ भी रो पड़ा। डॉक्टरों ने बिना देर किए इस मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल अपनी जांच शुरू कर दी। शंका होने पर पुलिस ने एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से आरोपी रियाज के घर जांच की। सबूत मिलने पर आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
















