नई दिल्ली: निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में SIR 2026 के तहत तैयार की गई मसौदा मतदाता सूची से हटाए गए मतदाताओं की लिस्ट प्रकाशित कर दी है। यह कार्रवाई मतदाता सूची को सटीक और त्रुटिरहित बनाने के लिए की गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हटाए गए नामों में वे लोग शामिल हैं जो या तो स्थानांतरित हो गए हैं, या फिर जिनकी मृत्यु हो गई है। साथ ही वो लोग भी शामिल हैं जिनकी पात्रता की पुष्टि नहीं हो सकी। आयोग का कहना है कि यह प्रक्रिया पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है।
वोटर लिस्ट से कटे नामों में सबसे अधिक 24 लाख मृत
कुल 58,20,898 नाम मसौदा सूची से हटाए गए हैं। जिनमें अधिकतर 24,16,852 लोग मृत पाए गए, जबकि 19,88,076 लोग स्थानांतरित हो चुके थे। 12,20,038 लोग लापता, 1,38,328 नाम डुप्लीकेट और 57,604 अन्य श्रेणी में पाए गए।
आपत्ति दर्ज करवाने के लिए आयोग ने दिया समय
चुनाव आयोग का कहना है कि SIR प्रक्रिया पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है। आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपनी स्थिति की जांच करें और यदि किसी का नाम गलती से हटाया गया है तो निर्धारित समय सीमा के भीतर आपत्ति दर्ज कराएं। वोटर ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
पश्चिम बंगाल SIR ड्राफ्ट सूची से हटाए गए नाम
मृत लोगों के नाम हटाए गए- 24,16,852
स्थानांतरित हुए लोगों के नाम- 19,88,076
लापता हुए लोगों के नाम हटाए- 12,20,038
डुप्लीकेट नाम- 1,38,328
अन्य कारणों से नाम हटाए गए नाम- 57,604

















