प्रयागराज । यूपी की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए, मृतक माफिया अशरफ के सक्रिय सहयोगी और 50,000 रुपये के इनामी अपराधी अफसार अहमद को नई दिल्ली से गिरफ्तार करने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। अफसार अहमद जनपद बरेली के थाना बिथरी चैनपुर में दर्ज गंभीर मामले में काफी समय से वांछित था।
बता दें कि प्रयागराज एसटीएफ को फरार एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों द्वारा घटनाएँ करने की सूचनाएँ प्राप्त हो रहीं थी। इस सम्बन्ध में एसटीएफ की विभिन्न इकाईयों टीमों को अभिसूचना संकलन एवं कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया था। जिसके बाद एसटीएफ निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में टीम गठित कर अभिसूचना संकलन की कार्यवाही की जा रही थी।
प्रयागराज एसटीएफ टीम द्वारा हुई गिरफ्तारी
जिसके बाद एसटीएफ की प्रयागराज टीम द्वारा बरेली जनपद के वांछित एवं 50 हजार के इनामी अभियुक्त अफसार अहमद को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त अफसार अहमद दिल्ली में कहीं छिपकर रह रहा है। जिसकी पुख्ता सूचना प्राप्त होने पर एसटीएफ ने साउथ ईस्ट दिल्ली से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
अफसार अहमद द्वारा पूछताछ में जानकारी
गिरफ्तार अभियुक्त अफसार अहमद ने पूछताछ में बताया कि वह जनपद प्रयागराज का मूल निवासी है जो मृतक माफिया अशरफ के बरेली कारागार में निरूद्ध रहने के दौरान वह उससे मिलने जाता था। वह अपनी ही आईडी में अपने अन्य सहयोगियों अजहर, लल्लागद्दी, गुड्डू मुस्लिम, साबिर व अरमान आदि को भी साथ ले जाकर अशरफ से जेल में मुलाकात कराता था।
बरेली जेल में निरूद्ध रहने के दौरान मृतक माफिया अशरफ द्वारा मिलाई के समय ही अपने सहयोगियों के साथ मिलकर विभिन्न गवाहों की हत्या एवं उन्हें धमकाने आदि की योजना तैयार कर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था।
एफआईआर और गिरफ्तारी से बचने की कोशिश
मृतक माफिया अशरफ के बरेली जेल में निरूद्ध रहने के दौरान उपरोक्त के सम्बन्ध में थाना बिथरी चैनपुर जनपद बरेली पर एफआईआर दर्ज की गई थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए अफसार अहमद छिपकर दिल्ली में रह रहा था।

















