अगर आप रोजाना चाय, कॉफी, मिठाई, कोल्ड ड्रिंक या पैकेट वाले जूस ज्यादा पीते हैं, तो समझ लीजिए कि आप अनजाने में काफी मात्रा में चीनी अपने शरीर में भेज रहे हैं। चीनी का स्वाद भले ही मीठा लगता हो लेकिन यह शरीर के लिए किसी जहर से कम नहीं है। आजकल डॉक्टर भी सलाह देते हैं कि अगर आप स्वस्थ रहना चाहते हैं, तो अपने खाने से ज्यादा चीनी को तुरंत कम या बंद कर दें। ऐसा करने से कई गंभीर बीमारियाँ आपसे कोसों दूर रह सकती हैं।
मोटापा और पेट की चर्बी से राहत और डायबिटीज का खतरा कम होता है- ज्यादा चीनी खाने का सबसे पहला असर पेट और कमर पर दिखाई देता है। शुगर शरीर में जल्दी फैट में बदल जाती है, जिससे वजन बढ़ता है। अगर आप चीनी छोड़ देते हैं, तो आपका वजन धीरे-धीरे कम होने लगता है और पेट की चर्बी भी घटती है। बिना मेहनत के शरीर हल्का और फिट महसूस होता है। डायबिटीज का सबसे बड़ा कारण है – चीनी का ज्यादा सेवन। जब हम अधिक चीनी खाते हैं, तो शरीर इंसुलिन के प्रति कम संवेदनशील होने लगता है, जिससे ब्लड शुगर बढ़ जाता है। लेकिन जैसे ही आप चीनी कम करते हैं, शरीर का इंसुलिन संतुलन ठीक होने लगता है और डायबिटीज का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है।
दिल की बीमारियां दूर रहती हैं और फैटी लिवर से बचाव- अधिक चीनी रक्त में खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) बढ़ाती है और अच्छे कोलेस्ट्रॉल (HDL) को कम करती है। इससे दिल पर दबाव बढ़ता है और हार्ट अटैक का खतरा भी। अगर आप शुगर छोड़ देते हैं, तो दिल स्वस्थ रहता है, BP कंट्रोल में रहता है और ब्लॉकेज बनने की संभावना कम हो जाती है। आजकल बहुत से लोगों को फैटी लिवर की समस्या हो रही है, जिसका एक कारण चीनी है, खासकर फ्रक्टोज। चीनी बंद करने से लिवर पर भार कम होता है और वह अपनी प्राकृतिक सफाई खुद करने लगता है। कुछ ही हफ्तों में लिवर काफी बेहतर काम करने लगता है।
यह भी पढ़ें- सर्दी-खांसी से हैं परेशान? तो झटपट पिएं ये काढ़ा, तुरंत देगा आराम
दाँतों की सड़न दूर रहती है और त्वचा चमकदार साफ होती है- मीठा ज्यादा खाने से दाँत जल्दी सड़ने और कैविटी होने लगती है। लेकिन जैसे ही आप शुगर छोड़ते हैं, दाँत मजबूत रहते हैं, बदबू कम होती है और मसूड़े भी हेल्दी रहते हैं। चीनी शरीर में सूजन बढ़ाती है, जिससे चेहरा बेरौनक, मुहाँसे और झुर्रियाँ जल्दी आने लगती हैं। शुगर छोड़ने से सूजन कम होती है, स्किन अंदर से साफ होती है और चेहरे पर ग्लो आने लगता है।
ऊर्जा और मूड बेहतर होते हैं- शुगर खाने से तुरंत एनर्जी तो मिलती है, लेकिन थोड़ी देर बाद थकान और सुस्ती महसूस होती है। जब आप चीनी बंद करते हैं, तो शरीर स्थिर और प्राकृतिक ऊर्जा बनाता है। इससे मूड भी अच्छा रहता है और चिड़चिड़ापन कम होता है।
(इस लेख में दी गई जानकारी और सुझावों को अमल में लाने से पहले पाठक किसी डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।)











