पणजी (हि.स.) । भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में गुरुवार को यहां वेव्स फिल्म बाजार के उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में आयीं दक्षिण कोरिया की सांसद जेओवान किम ने वंदे मातरम गीत के मधुर गायन से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
वेव्स फिल्म बाजार के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केन्द्रीय राज्य मंत्री सूचना प्रसारण एवं संसदीय कार्य एल मुरुगन शामिल हुए। केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश गोपी, सूचना प्रसारण सचिव संजय जाजू, भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के निदेशक शेखर कपूर, फिल्मकार अनुपम खेर भी इस कार्यक्रम में उपस्थित थे।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सूचना प्रसारण राज्य मंत्री श्री मुरुगन ने कहा कि तकनीक के विकास के साथ नये -नये फिल्म निर्माता खासकर युवा नयी-नयी रचनाएं ला रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इन युवा रचनात्मक प्रतिभाओं को विभिन्न क्षेत्रों में वैश्विक सहयोग एवं साझीदारी के अवसर देने के लिए वेव्स बाजार को मजबूती प्रदान करना चाहते हैं।
इससे पहले विशिष्ट अतिथि सुश्री किम ने दक्षिण कोरिया को भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में विशेष स्थान देने के लिए भारत सरकार का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर उन्होंने संपूर्ण वंदे मातरम गीत का मधुर स्वर में गायन किया। उपस्थित जनसमूह ने इसे सम्मान पूर्वक खड़े होकर सुना और गीत खत्म होने पर हाल में काफी देर तक तालियाँ बजती रहीं। बाद में उन्होंने अपने देश का राष्ट्रीय गीत भी प्रस्तुत किया।
इसके बाद श्री मुरुगन एवं अन्य अतिथियों ने वेव्स बाजार में विभिन्न राज्यों, प्रोडक्शन हाउस, विभिन्न विभागों के स्टालों का अवलोकन किया।
56वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) के साथ आयोजित वेव्स फिल्म बाजार 2025 दक्षिण एशिया के सबसे बड़े फिल्म बाजार के रूप में स्थापित हो गया है, जहां अगले चार दिनों तक सहयोग और खोज के लिए फिल्म निर्माताओं, निर्माताओं, वितरकों, बिक्री एजेंटों और वैश्विक उद्योग के नेताओं को एक साथ आने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रहा है।

















