देश में नौकरी करने वाले कर्मचारियों के लिए केंद्र सरकार की ओर से एक बड़ी राहत की खबर आई है। कई बार ऐसा होता है कि नौकरी शुरू करने के बाद भी कुछ लोगों का कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) अकाउंट नहीं बन पाता, या किसी वजह से वे EPFO के दायरे में नहीं आ पाते। अब सरकार ने ऐसे कर्मचारियों के लिए एक नया मौका दिया है।
क्या है Employees Enrolment Scheme 2025- सरकार ने हाल ही में “Employees Enrolment Scheme 2025” लॉन्च की है। इस योजना के तहत वे सभी कर्मचारी अब EPF (Employee Provident Fund) में शामिल हो सकते हैं, जो अब तक किसी कारणवश छूट गए थे। यह स्कीम 1 नवंबर 2025 से शुरू हो चुकी है और 30 अप्रैल 2026 तक यानी पूरे 6 महीने तक चलेगी। इसका मुख्य उद्देश्य है- उन कर्मचारियों को EPFO से जोड़ना जो अब तक बाहर थे। यह स्कीम उन कर्मचारियों पर लागू होगी जिन्होंने 1 जुलाई 2017 से 31 अक्टूबर 2025 के बीच किसी कंपनी या संस्था में काम शुरू किया हो और जो अब भी उसी कंपनी में काम कर रहे हों। कंपनी को यह घोषणा करनी होगी कि संबंधित कर्मचारी अभी भी वहां काम कर रहा है। इसके बाद उसे EPF का पूरा लाभ मिल जाएगा और उसकी सदस्यता को वैध माना जाएगा।
कौन-कौन इस योजना में हिस्सा ले सकता है- कोई भी कंपनी या संस्था, चाहे वह पहले से EPFO में रजिस्टर्ड हो या नहीं, इस स्कीम में शामिल हो सकती है। यानी हर नियोक्ता (Employer) को मौका दिया जा रहा है कि वे अपने उन कर्मचारियों को EPF में जोड़ सकें जिन्हें पहले किसी वजह से नहीं जोड़ा गया था। इस योजना का सबसे बड़ा फायदा यह है कि अगर किसी कर्मचारी के पिछले सालों का EPF जमा नहीं हुआ, तो सरकार कर्मचारी का हिस्सा (Employee Share) माफ कर देगी। नियोक्ता (Employer) को केवल अपना हिस्सा, ब्याज (Interest – Section 7Q) और एडमिनिस्ट्रेशन चार्ज देना होगा। पेनाल्टी के रूप में सिर्फ 100 रुपये एक बार देने होंगे।
यह भी पढ़ें- EPFO का बड़ा तोहफा: नौकरी बदलते ही अपने आप ट्रांसफर होगा PF, HR के पीछे भागने की जरूरत नहीं
यह फायदा तीनों योजनाओं पर लागू होगा- EPF Scheme 1952, EDLI Scheme 1976, EPS Scheme 1995। यानि, एक बार एनरोलमेंट होने के बाद कर्मचारियों को इन तीनों योजनाओं का पूरा लाभ मिल जाएगा।
EPFO की नई वेबसाइट भी हुई लॉन्च- सरकार ने EPFO के 73वें फाउंडेशन डे पर यह कदम उठाया है। साथ ही, केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मंसुख मांडविया ने EPFO की नई वेबसाइट www.epfo.gov.in भी लॉन्च की है। इस वेबसाइट का इंटरफेस अब पहले से अधिक सरल और उपयोगकर्ता के अनुकूल है, ताकि हर कर्मचारी और नियोक्ता को सुविधाएं आसानी से मिल सकें।














