लखनऊ/सहारनपुर : दिल्ली में सोमवार देरशाम लाल किले के पास हुए विस्फोट और फरीदाबाद में भारी मात्रा में विस्फोटक मिलने के बाद यूपी एटीएस पूरी तरह से सतर्क हो गई है।
मंगलवार को यूपी एटीएस टीम ने डॉ. शाहीन के लखनऊ स्थित घर पहुंचकर परिवार से कई घंटों तक पूछताछ की।
सूत्रों के अनुसार, एटीएस ने आतंकी डॉ. आदिल अहमद के दो करीबियों को सहारनपुर से उठाया है, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लखनऊ निवासी डॉ. शाहीन को किया गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बीते दिनों फरीदाबाद से आतंकी डॉ. मुजम्मिल की गर्लफ्रेंड डॉ. शाहीन को गिरफ्तार किया था।
वह लखनऊ के लालबाग की रहने वाली है। उसके बारे में अहम जानकारी जुटाने के लिए यूपी एटीएस टीम ने उसके घर पहुंचकर परिवार से लंबी पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान लखनऊ पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।
शाहीन के पिता ने दी सफाई, कहा- सही से जांच हो
डॉ. शाहीन के पिता ने बताया कि पिछले डेढ़-दो साल से वह घर नहीं आई है और न ही परिवार से उसका कोई संपर्क हुआ है।
उन्होंने कहा, “अब उसका नाम आतंकी गतिविधियों में शामिल बताया जा रहा है, मैं बस यही चाहता हूं कि पूरे मामले की सही और निष्पक्ष जांच हो।”
सहारनपुर और शामली में यूपी एटीएस की छापेमारी
यूपी एटीएस और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने लखनऊ के अलावा सहारनपुर और शामली में भी कई घंटे तक छापेमारी की।
लखनऊ के मड़ियांव में डॉ. परवेज अहमद अंसारी के घर पर छापा मारा गया, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद सहारनपुर में उसके किराए के घर से दस्तावेज बरामद किए गए।
यहां से एटीएस ने डॉ. आदिल अहमद के दो करीबी सहयोगियों को हिरासत में लिया है।
कौन है डॉ. आदिल अहमद राठर.?
डॉ. आदिल अहमद राठर जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग का रहने वाला है और सहारनपुर के अंबाला रोड स्थित फेमस हॉस्पिटल में मेडिसिन विशेषज्ञ के रूप में कार्यरत था।
कुछ दिन पहले श्रीनगर के कई इलाकों में जैश-ए-मोहम्मद के पोस्टर लगाए गए थे, जिनमें आतंकी संगठन के समर्थन में संदेश लिखे थे। इस घटना के बाद श्रीनगर में तनाव फैल गया था। 28 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज में डॉ. आदिल पोस्टर लगाते हुए दिखाई दिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
















