नई दिल्ली: दिल्ली के लाल किले के मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुए धमाके के बारे में नई जानकारी सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ब्लास्ट i-20 कार में हुआ है। कार के पिछले हिस्से में धमाका होने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि कार में तीन लोग सवार थे। इस ब्लास में 10 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 20 से अधिक घायल हैं।
न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, दिल्ली विस्फोट के बाद कई राज्यों को अलर्ट पर रखा गया है। बिहार में हाई अलर्ट जारी है। बिहार में टीमें अलर्ट पर हैं और सभी की जांच की जा रही है। वहीं, दिल्ली में हुए विस्फोट के बाद चंडीगढ़ में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस हाई अलर्ट पर है। केरल के पुलिस प्रमुख रावदा आजाद चंद्रशेखर ने पुलिस को पूरे राज्य में सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए हैं। हरियाणा में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। यूपी में पहले ही हाई अलर्ट जारी कर दिया गया था।
वहीं, घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीद ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई को विस्फोट के बारे में बताया है। चश्मदीदों का कहना है कि धमाके के बाद कहीं इंसान का हाथ और कहीं फेफड़ा पड़ा था। मंजर बेहद खतरनाक था। गाड़ियों के साथ आसपास खड़े लोगों के चीथड़े कई मीटर दूर तक बिखर गए थे।
















