नई दिल्ली: लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास सोमवार शाम करीब सात बजे कार में जबर्दस्त विस्फोट हुआ। करीब आठ लोगों की मौत की सूचना है। करीब 24 लोग घायल बताए गए हैं। घायलों की संख्या की पुष्टि अभी नहीं हुई है। दमकल गाड़ियां, एम्बुलेंस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। विस्फोट के बाद तीन-चार गाड़ियों में भी आग लग गई और उन्हें नुकसान पहुंचा। धमाके की वजह पता नहीं चली है। यूपी और मुंबई में भी अलर्ट है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से रिपोर्ट ली है। CRPF के DIG किशोर प्रसाद मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा, “अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। मैं बस घटनास्थल पर जा रहा हूं। दिल्ली पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही कुछ कहा जाएगा। पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास विस्फोट हुआ। धमाका इतना तेज था कि मेट्रो स्टेशन के शीशे टूट गए। कई घायलों को LNJP अस्पताल लाया गया है। जहां धमाका हुआ, वह बहुत व्यस्त जगह है। दिल्ली अग्निशमन विभाग का कहना है कि लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास एक कार में विस्फोट की सूचना मिली थी, जिसके बाद तीन-चार गाड़ियों में भी आग लग गई और उन्हें नुकसान पहुंचा। 7 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं।
ये भी पढ़ें – दिल्ली: लाल किला के पास कार में धमाका, 8 के मौत की खबर, एनएसजी की टीम मौके पर
एलएनजेपी अस्पताल में घायल
लोक नायक जय प्रकाश नारायण (LNJP) अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक ने समाचार एजेंसी ANI को बताया कि 15 लोगों को लोक नायक अस्पताल लाया गया। उनमें से 8 की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। तीन गंभीर रूप से घायल हैं। एक की हालत स्थिर है।

यूपी में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ी
उत्तर प्रदेश के ADG (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश ने ANI से बात करते हुए बताया कि DGP ने उत्तर प्रदेश के सभी वरिष्ठ अधिकारियों को संवेदनशील धार्मिक स्थलों, संवेदनशील जिलों और सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। सभी सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश के सभी जिलों की पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है। लखनऊ से संवेदनशील इलाकों में गश्त और जांच बढ़ाने का आदेश जारी किया गया है।

















