नई दिल्ली। लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार शाम करीब सात बजे कार में विस्फोट हुआ। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज दरियागंज समेत अन्य इलाकों तक भी सुनाई दी। धमाके की वजह पता नहीं लग पाई है। कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। 8 लोगों की मौत की बात सामने आ रही है। 24 घंटे के अंदर फरीदाबाद से 2900 किलो आरडीएक्स मिला था। इसलिए किसी बड़ी साजिश की आशंका जताई जा रही है।
दिल्ली अग्निशमन विभाग की ओर से प्रारंभिक सूचना दी गई कि मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर एक के पास विस्फोट की सूचना मिली थी। इसकी बाद 3 से 4 वाहनों में आग भी लग गई और उन्हें नुकसान पहुंचा।
दिल्ली पुलिस का बयान
दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि 6.52 मिनट पर धमाका हुआ। एक धीमी गति से आती गाड़ी रेड लाइट पर घटनास्थल के पास आकर रुकी। गाड़ी के अंदर पैसेंजर थे। विस्फोट की वजह आसपास की गाड़ियों को नुकसान हुआ। विस्फोट के बारे में जांच की जा रही है। इस घटना में कुछ लोगों की मौत हुई है और कुछ लोग घायल हुए हैं। सभी एजेंसियां, FSL, NIA मौजूद हैं। गृह मंत्री का भी फोन आया था और समय-समय पर उनके साथ जानकारी साझा की जा रही है।
अमित शाह ने ली रिपोर्ट
मौके पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम भी मौके पर पहुंची। समाचार एजेंसी एएनआई की ओर से बताया गया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घटना के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस कमिश्नर से बात की। NSG, NIA और फोरेंसिक विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दिल्ली की घटना के संबंध में गृह मंत्री IB निदेशक के साथ लगातार संपर्क में हैं।
जहां धमाका हुआ वहां एक ओर चांदनी चौक और दूसरी ओर लाल किला है।
अग्निशमन अधिकारी का बयान
लाल किले के पास हुए विस्फोट पर उप मुख्य अग्निशमन अधिकारी एके मलिक ने कहा, “हमें शाम 6:55 बजे एक फोन आया था वहां एक गेट के बाहर किसी गाड़ी में ब्लास्ट हुआ है और कुछ गाड़ियो में आग लग गई है। हमने 7:29 बजे आग बुझा दी थी।
















