औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के जनता महाविद्यालय अजीतमल में आयोजित औरैया-इटावा नगर खंड कार्यकारिणी की कार्यशाला में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर कार्यकर्ताओं ने हिंदू समाज जागरण का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं का लक्ष्य है कि दिसंबर तक दोनों जनपदों के 2 लाख हिंदू परिवारों तक संघ के कार्य और विचारों को पहुंचाया जाएगा।
कार्यशाला का शुभारंभ प्रांत प्रचारक रामजी जी ने दीप प्रज्वलन कर किया। मुख्य वक्ता के रूप में पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक अनिल कुमार उपस्थित रहे। इस अवसर पर विभाग प्रचारक यशवीर कुमार और जिला प्रचारक अनूप कुमार के नेतृत्व में विभिन्न सत्रों का संचालन किया गया।

कार्यशाला में दोनों जनपदों से आए तीन सौ से अधिक संघ कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में संघ शताब्दी वर्ष के आयोजन, समाज में समरसता, सेवा कार्यों के विस्तार और संगठन की मजबूती पर गहन चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने समाज में जागरूकता फैलाने, एकता और भाईचारे को मजबूत करने के तरीकों पर भी विचार विमर्श किया।
सत्र के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे घर-घर जाकर हिंदू परिवारों से संवाद स्थापित करेंगे। सामाजिक एकता को प्रबल करेंगे और राष्ट्र निर्माण के कार्य में सक्रिय योगदान देंगे। उन्होंने यह भी तय किया कि संघ के विचारों और सेवा कार्यों को आम जनता तक पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

















