पूर्वी चंपारण । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बिहार विधानसभा चुनाव में ताबड़तोड़ रैली निरंतर जारी है। शनिवार को उन्होंने पिपरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार श्यामबाबू प्रसाद यादव के पक्ष में जनसभा कर कमल खिलाने की अपील की। सीएम योगी ने यहां राजद, कांग्रेस समेत महागठबंधन पर प्रहार किया और कहा कि भगवान राम-कृष्ण के बाद अब यह लोग छठ माई का भी विरोध कर रहे हैं। जो राम का विरोध और आस्था का अपमान करते हैं, उन्हें कतई वोट नहीं देना है।
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस राम को नकारती थी, राजद राम मंदिर निर्माण की रथ यात्रा को रोकती थी, समाजवादी पार्टी रामभक्तों पर गोली चलाकर लहुलूहान करती थी। जब रामभक्त कहते थे कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। कांग्रेस, राजद व सपा सरकारें रामभक्तों पर गोली-लाठी चलाती थीं, तब भी रामभक्त कहता था कि लाठी गोली खाएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। यूपी में एनडीए सरकार बनी तो अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर का निर्माण हो गया। अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट महर्षि वाल्मीकि, रैनबसेरा निषादराज, रसोई मां शबरी के नाम पर बनी है। सीतामढ़ी में भी मां जानकी के भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है। कांग्रेस और महागठबंधन वाले भगवान राम-कृष्ण के बाद अब छठ माई का भी विरोध कर रहे हैं। सीएम ने मतदाताओं से अपील की कि जो राम का विरोध और आस्था का अपमान करते हैं, उन्हें वोट देकर जाया नहीं करना चाहिए।
सीएम योगी ने कहा कि पहले चरण के चुनाव के बाद हताश और निराश महागठबंधन के लोगों का वक्तव्य दिख रहा है। यह बताता है कि 14 नवंबर को जब ईवीएम खुलेगी तो जनता का फैसला बिहार में ‘फिर एक बार एनडीए सरकार’ होगा। बिहार के लिए एनडीए सरकार आवश्यक है। उन्होंने विपक्षी दलों पर प्रहार करते हुए कहा कि इन लोगों ने देश के सामने सुरक्षा व बिहार के सामने पहचान का संकट खड़ा किया। कांग्रेस, राजद व इनके सहयोगी अपने-अपने क्षेत्र के कुख्यात सरगना हैं। इनके द्वारा अपराध को संरक्षण, भ्रष्टाचार को पनपाने के साथ ही अराजकता पैदा की गई। यह सभी जंगलराज के अपराधी हैं। जंगलराज से मुक्ति दिलाने के लिए नौजवानों ने 2005 में एनडीए नेतृत्व पर विश्वास किया था। परिणाम स्वरूप नीतीश बाबू की सरकार बनी।
सीएम योगी ने कहा कि जिस बिहार ने दुनिया को ज्ञान दिया। उसे राजद, नक्सलवाद व माओवादियों के गठबंधन ने साक्षरता में पीछे ढकेल दिया। नौजवानों को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ा। अपनी प्रतिभा व मेधा के लिए जगविख्यात बिहार का नौजवान पहचान के लिए मोहताज हुआ तो इसकी दोषी कांग्रेस, राजद व इनके सहयोगी संगठन हैं सीएम योगी ने कहा कि 20 वर्ष में नीतीश बाबू के नेतृत्व में नए बिहार का स्वरूप दिख रहा है। बिहार जिसका हकदार था, वह हर कार्य आज यहां हो रहा है। जो कार्य 30-50 वर्ष पहले होना चाहिए था, वह कार्य पिछले 20 वर्ष से हो रहा है। 11 वर्ष के अंदर इसमें और तेजी आई है। बिहार में अब सड़क, बिजली, एयरपोर्ट, एनआईटी, आईआईटी, आईआईएम, एम्स, इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज की श्रृंखला है। बिहार में रोजगार, सुरक्षा, सम्मान के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। मोदी जी 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन दे रहे हैं, जबकि राजद वाले पशुओं का भी चारा खा गए थे। एनडीए रोजगार के साथ ही पंच गारंटी (आवास, बिजली, राशन, स्वास्थ्य, पानी) भी दे रही है।

















