Rahul Gandhi vote theft: कांग्रेस के बड़े नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के नतीजों पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि वोटों की चोरी हुई है। उन्होंने कहा कि फर्जी वोटिंग से चुनाव प्रभावित हुआ। मिसाल के तौर पर, उन्होंने पलवल जिले के होडल में एक घर से 66 वोटर और दूसरे घर से 501 वोटर जुड़े होने का जिक्र किया। साथ ही, सोनीपत के राय इलाके में एक ब्राजील की महिला की फोटो वाली तस्वीर से 22 बार वोट डालने का आरोप लगाया। लेकिन अब उनके झूठ का पुलिंदा खुद हरियाणा के ही लोगों ने खोल कर रख दिया है।
दरअसल, ये दावे चुनाव हार के बाद आए, जब होडल में कांग्रेस के उदय भान को भाजपा के हरिंदर सिंह ने 2,595 वोटों से हराया। राय में जय भगवान अंटिल 4,673 वोटों से पीछे रह गए। जय भगवान ने भी कहा कि उनकी जीत पक्की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी वोटों ने सब बदल दिया।
होडल के घरों की असलियत
द इंडियन एक्सप्रेस की टीम ने इन दावों की जांच की। सबसे पहले होडल के गुडराना गांव के मकान नंबर 150 पर पहुंचे। ये मकान भाजपा जिला परिषद उपाध्यक्ष उमेश गुडराना के परिवार का है। लेकिन ये कोई छोटा घर नहीं, बल्कि एक बड़ा प्लॉट है जहां कई परिवार रहते हैं। ज्यादातर लोग आपस में रिश्तेदार हैं। उमेश के चाचा राजपाल गुडराना ने बताया कि उनके पिता और तीन भाइयों ने करीब 80 साल पहले सीहा गांव से यहां बसाई थी। चार पीढ़ियां यहीं रहती हैं। प्रशासन ने पूरे इलाके को एक ही नंबर 150 दे रखा है, इसलिए वोटर लिस्ट में 66 नाम जुड़े दिखते हैं।
इसे भी पढ़ें: गोवा में LED बोर्ड पर ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ नारे: 5 गिरफ्तार, सीएम सावंत ने की फौरन कार्रवाई
फिर मकान नंबर 265 की जांच हुई। ये कोई एक घर नहीं, बल्कि 200 मकानों और तीन प्राइवेट स्कूलों वाला पूरा इलाका है। निवासी किश्नी देवी और उनके बेटे पवन ने कहा कि पहले ये जमीन खेती की थी। परिवार बढ़ा तो घर बने। पुराने वोटर कार्डों में वही नंबर 265 ही दर्ज रह गया। सब सामान्य है, कोई फर्जीवाड़ा नहीं।
राय इलाके में फोटो वाली गड़बड़ी
राय विधानसभा के दावे पर भी टीम ने चार महिलाओं से बात की, जिनके वोटर कार्ड में कथित ब्राजील वाली फोटो थी। सबने बताया कि उन्होंने नॉर्मल तरीके से वोट डाला। स्वीटी नाम की गृहिणी ने कहा, “मेरा 2012 का कार्ड इस्तेमाल किया, कोई दिक्कत नहीं।” मंजीत ने पुष्टि की कि वोटिंग बिना रुकावट हुई। सेक्टर 35 की हर्षा ने अपनी मां दर्शन जून का 2019 कार्ड दिखाया और बोली, “फोटो गलत है, लेकिन वोट पड़ा।” मच्छरौला की पिंकी ने बताया कि उसके कार्ड में लोकल महिला की फोटो थी, ब्राजील की नहीं। उसने कार्ड सुधार के लिए बीएलओ को लौटा दिया, लेकिन नया अभी नहीं आया।
बूथ लेवल ऑफिसर बबीता और पूर्व बीएलओ सुशीला ने कहा कि उन्हें इस गड़बड़ी की भनक तक नहीं थी। सब कुछ वैसा ही चला।















