‘मिलान’ मैरीटाइम एक्सरसाइज: ऐसी खबरें लगातार आती रहती हैं कि चीन अपनी नौसेना के जरिए हिंद महासागर में जासूसी करता है। अब इस भारतीय नौसेना ने भी बड़ी बात कह दी है। नौसेना के वाइस चीफ वाइस एडमिरल संजय वात्सायन ने कहा है कि वे हिंद महासागर इलाके (IOR) में चीनी युद्धपोतों और जासूसी जहाजों पर कड़ी नजर रखे हुए हैं। उन्होंने ये भी कहा कि हिंद महासागर में कम से कम 40-50 चीनी जहाज हर वक्त तैनात रहते हैं, और कभी-कभी ये 50 से ऊपर भी चले जाते हैं। नौसेना अधिकारी ने ये बात फरवरी में विशाखापट्टनम में होने जा रहे ‘मिलान’ मैरीटाइम एक्सरसाइज और इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू (IFR) की मेजबानी को लेकर पत्रकारों से बात करते हुए कही।
‘मिलान’ मैरीटाइम एक्सरसाइज अमेरिका और रूस समेत 55 देशों की नौसेनाएं हिस्सा लेंगी। जापान और ऑस्ट्रेलिया जैसे क्वाड के पार्टनर भी आएंगे, लेकिन चीन, पाकिस्तान और तुर्की को न्योता नहीं दिया गया है। ये सब फरवरी में होगा, और नौसेना के वाइस चीफ वाइस एडमिरल संजय वत्सायन ने कहा कि ये एक्सरसाइज भारत की ताकत दिखाने का मौका है।
चीनी जहाजों पर लगातार निगरानी
इस दौरान नौसेना के वाइस चीफ वाइस एडमिरल संजय वत्सायन ने शुक्रवार को कहा, “हिंद महासागर क्षेत्र (IOR) में एक्स्ट्रा-रीजनल पावर की लगातार मौजूदगी है, जो चल रही स्थिति की वजह से है। ये हमेशा से ऐसा ही रहा है, और अब ये और बढ़ रही है। किसी भी समय, हमारे पास कम से कम 40 चीनी युद्धपोत हिंद महासागर में हर वक्त रहते हैं, लेकिन ये 50 से ज्यादा भी हो जाते हैं। हम हर एक पर नजर रखते हैं। जानते हैं कि वो क्या कर रहे हैं, आगे क्या करने वाले हैं, कब आते हैं, कब जाते हैं।”
दरअसल, दुनिया की सबसे बड़ी नौसेना चीन की है, जिसमें 370 से ज्यादा युद्धपोत और सबमरीन हैं। चीन IOR में अपनी ‘अंडरवाटर डोमेन अवेयरनेस’ बढ़ा रहा है। इसके लिए वो सर्वे और रिसर्च वाले ‘जासूसी जहाज’ लगातार तैनात रखता है, जो महासागर की गहराई, नेविगेशन और सबमरीन ऑपरेशंस के लिए डेटा इकट्ठा करते हैं। भारत इन सब पर पैनी नजर रखे हुए है, ताकि कोई सरप्राइज न हो।
ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी
वाइस एडमिरल वत्सायन ने बताया कि मई में पाकिस्तान के खिलाफ शुरू किया गया ऑपरेशन सिंदूर अभी चल ही रहा है। उन्होंने कहा, “विदेशी देशों के साथ चल रही हमारी एक्सरसाइज से ये मैसेज जाता है कि हमारे प्लान्स में कोई रुकावट नहीं है। हम ऑपरेशन सिंदूर के तहत तैयार और तैनात हैं, अभी और आगे भी।”
फरवरी में विशाखा में बड़ा आयोजन
उल्लेखनीय है कि नौसेना 15 से 25 फरवरी तक विशाखापट्टनम (विजाग) में मिलान एक्सरसाइज, IFR और इंडियन ओशन नेवल सिम्पोजियम (IONS) के चीफ्स का कॉन्क्लेव होस्ट करेगी। वाइस एडमिरल वत्सायन ने पुष्टि की, “अमेरिका और रूस दोनों ने अपनी मौजूदगी कन्फर्म कर दी है। वो मिलान एक्सरसाइज के लिए जहाज भेजेंगे।” क्वाड के पार्टनर जापान और ऑस्ट्रेलिया भी हिस्सा लेंगे, जो भारत-अमेरिका के साथ गठबंधन का हिस्सा हैं। कुल 55 देशों की नौसेनाएं आएंगी, लेकिन चीन, पाकिस्तान और तुर्की को इसमें नहीं बुलाया गया है।

















