पाकिस्तान अपनी हरकतों से कभी बाज नहीं आ सकता, अब वह अपना गुस्सा एक मशहूर भारतीय अभिनेता पर निकाल रहा है। मामला जुड़ा है बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान से, जिन्होंने हाल ही में सऊदी अरब में आयोजित “जॉय फोरम 2025” के दौरान दिए गए एक बयान में बलूचिस्तान का उल्लेख पाकिस्तान से अलग करते हुए किया था।
मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि इस बयान के कुछ ही समय बाद पाकिस्तान सरकार ने अजीबोगरीब कदम उठाते हुए सलमान खान को “आतंकवादी” घोषित कर दिया। पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने अभिनेता का नाम एंटी-टेररिज्म एक्ट के तहत आने वाले “फोर्थ शेड्यूल” में डाल दिया है यानी अब पाकिस्तान में सलमान खान को “कानूनी रूप से आतंकी” माना जाएगा। हालांकि पाकिस्तान की ओर से इस पर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। मीडिया रिपोर्ट के हवाले से यह खबर दी गई है।
क्या कहा था सलमान खान ने- जॉय फोरम के मंच पर सलमान खान ने अपने संबोधन में कहा, “ये बलूचिस्तान के लोग हैं, अफगानिस्तान के लोग हैं, पाकिस्तान के लोग हैं। हर कोई सऊदी अरब में मेहनत से काम कर रहा है।” सलमान का यह वाक्य सुनने में सामान्य लगा, लेकिन पाकिस्तान के सत्ताधारियों को यह नागवार गुजरा कि उन्होंने “बलूचिस्तान” को “पाकिस्तान” से अलग नाम लेकर संबोधित किया। बस, इसके बाद सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी नेताओं और ट्रोल्स ने उन्हें निशाने पर ले लिया।
पाकिस्तान में नाराजगी, बलूच नेताओं में खुशी- जहां पाकिस्तान के भीतर सलमान खान के खिलाफ गुस्सा दिखा, वहीं बलूचिस्तान के अलगाववादी नेता इस बयान से बेहद खुश हैं। बलूच नेता मीर यार बलूच ने सलमान खान का धन्यवाद करते हुए कहा कि, “सऊदी अरब में भारतीय फिल्म जगत के दिग्गज सलमान खान का बलूचिस्तान का उल्लेख छह करोड़ बलूच नागरिकों के लिए खुशी लेकर आया है। उन्होंने वह किया, जो कई बड़े देश भी करने से हिचकते हैं।” मीर यार बलूच के मुताबिक, यह “सांस्कृतिक मान्यता का संकेत” है, जो सौम्य कूटनीति के ज़रिए दुनिया को बलूचिस्तान की अलग पहचान समझाने में मदद करेगा। बलूचिस्तान में लंबे समय से पाकिस्तान के खिलाफ असंतोष और विद्रोह की लहर रही है। इस विवाद पर अब तक सलमान खान या उनके प्रतिनिधियों की ओर से कोई औपचारिक बयान नहीं आया है।

















