गुजरात नई कैबिनेट: गुजरात में नई कैबिनेट का गठन हो गया है। राज्य बीजेपी ने 26 नए मंत्रियों की लिस्ट जारी की है। इस बार क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा को भी कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। इसके साथ ही गृह मंत्री रहे हर्ष संघवी को इस बार भी कैबिनेट में शामिल किया गया है।
एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, गुजरात बीजेपी ने 26 नए मंत्रियों की लिस्ट जारी की है, जिनमें स्वरूपजी ठाकोर, प्रवीणकुमार माली, रुषिकेश पटेल, दर्शना वाघेला, कुनवरजी बावलिया, रीवाबा जडेजा, अर्जुन मोढवाड़िया, पारशोत्तम सोलंकी, जीतेंद्र वाघाणी, प्रफुल्ल पंशेरिया, हर्ष संघवी और कनुभाई देसाई जैसे नाम शामिल हैं। ये लिस्ट 27 की सीमा तक भरी जा सकती है। इनमें युवा और अनुभवी चेहरों का मिश्रण है, जिनको लेकर माना जा रहा है कि ये गुजरात की राजनीति को नया रंग देगा।
एक दिन पहले ही सभी मंत्रियों ने दे दिया था इस्तीफा
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही गुजरात की पूरी कैबिनेट ने एक साथ इस्तीफा दे दिया था। उसके एक दिन के बाद ही फिर से नई कैबिनेट का गठन भी हो गया है। उससे पहले मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने आज (17 अक्टूबर 2025) गांधीनगर के राज भवन में राज्यपाल आचार्य देवव्रत से मुलाकात की। सीएम पटेल ने राज्यपाल को कैबिनेट की मौजूदा स्थिति के बारे में बताया और नए सदस्यों के शपथ ग्रहण की इजाजत मांगी। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने इस पर सहमति जताई, और आज ही शाम को महात्मा मंदिर, गांधीनगर में शपथ ग्रहण का आयोजन होगा। राज्यपाल ही नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। ये मीटिंग करीब दोपहर में हुई, जब बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अहमदाबाद पहुंचे थे।
जानकारों का कहना है कि आगामी चुनावों से पहले भाजपा राज्य लीडरशिप को तरोताजा करने की कोशिश कर रही है। 2027 के विधानसभा चुनावों से ठीक दो साल पहले ये कदम सरकार को नई ताकत दे सकता है। गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा में अधिकतम 27 मंत्री हो सकते हैं, जैसा कि संविधान के अनुच्छेद 164(ए) में कहा गया है – कम से कम 12 तो जरूरी ही हैं।

















