अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बाद अब यूरोपीय देशों ने भी एंटीफा को आतंकी संगठन घोषित करने की मांग की है। इसमें नीदरलैंड और हंगरी ने एक स्वर में एंटीफा को खतरा करार दिया है। हंगरी की सरकार ने एंटीफा को लेफ्टविंग टेररिस्ट ऑर्गनाइजेशन करार दिया है।
इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले महीने अपनी सोशल मीडिया साइट ट्रुथ सोशल पर ऐलान किया कि अमेरिका एंटीफा आतंकवादी संगठन घोषित कर देगा। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में एक राउंडटेबल में एंटीफा के बारे में बात करते हुए कहा था कि ये लोग हिंसा फैला रहे हैं।
नीदरलैंड्स और हंगरी में तेज कदम
ट्रंप के पोस्ट वाले ही दिन, नीदरलैंड्स की संसद में कुछ ऐसा ही हुआ। वहां गीर्ट विल्डर्स की दक्षिणपंथी पार्टी पीवीवी सबसे बड़ी है। उन्होंने एक प्रस्ताव पास किया, जिसमें अमेरिका के फैसले का हवाला देकर सरकार से कहा गया कि नीदरलैंड्स में भी एंटीफा को आतंकवादी संगठन घोषित किया जाना चाहिए। ऐसा किया भी गया। दूसरी तरफ, हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ऑर्बन ने भी कहा था कि हंगरी भी यही कदम उठाएगा। ऑर्बन ने एंटीफा को खतरा बताया।
इसे भी पढ़ें: भारत दौरे पर आए अफगान विदेश मंत्री ने ऐसा क्या कह दिया कि तिलमिला गया पाकिस्तान
यूरोपीय संसद में प्रस्ताव की हलचल
यूरोपीय संसद में भी हंगामा मचा। फ्लेमिश नेशनलिस्ट पार्टी व्लाम्स बेलांग के दक्षिणपंथी एमईपी टॉम वांडेंड्रिएशे ने एक प्रस्ताव ड्राफ्ट किया, जिसमें एंटीफा को आतंकवादी घोषित करने की मांग की गई। पिछले हफ्ते उन्होंने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें डरावने बैकग्राउंड म्यूजिक के साथ एंटीफा को “एक इंटरनेशनल नेटवर्क” बताया था। वीडियो में बताया गया था कि 20 देशों के 79 एमईपी का समर्थन पा चुका है।
रॉयल यूनाइटेड सर्विसेज इंस्टीट्यूट की जेसिका व्हाइट कहती हैं, “एंटीफा को ग्रुप कहना मुश्किल है, ये तो मूवमेंट है।” उनका मानना है कि इसे आतंकवादी घोषित करना चैलेंजिंग और काउंटर प्रोडक्टिव होगा, क्योंकि इससे असल हिंसा के मामलों में मुकदमे चलाना मुश्किल हो जाएगा। वो चिंता जताती हैं कि ये राजनीतिक तरीके से विरोधियों को टारगेट करने का हथियार बन सकता है, खासकर दक्षिणपंथी सरकारों के खिलाफ।
हंगरी की सरकार के दावे
हंगरी सरकार एंटीफा को “लेफ्टविंग टेररिस्ट ऑर्गनाइजेशन” कहती है और दावा करती है कि ये उसके नागरिकों के लिए खतरा है। स्पोक्सपर्सन जोल्टान कोवाच्स ने कहा कि एंटीफा के मेंबर्स ने सड़कों पर लोगों को पीटा है।

















