अगर आपको शब्दों से खेलना पसंद है, तो कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की यह प्रतियोगिता आपके लिए ही है। EPFO ने हाल ही में एक ऑनलाइन टैगलाइन प्रतियोगिता की घोषणा की है, जो 1 अक्टूबर 2025 से शुरू होकर 10 अक्टूबर 2025 तक चलेगी। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य है लोगों की रचनात्मक सोच को एक ऐसी लाइन में ढालना जो न केवल आकर्षक हो, बल्कि संगठन की भावना और उद्देश्य को भी बखूबी दर्शाए।
प्रतियोगिता का मकसद- EPFO का कहना है कि यह प्रतियोगिता सिर्फ एक टैगलाइन ढूंढने के लिए नहीं, बल्कि लोगों की सोच और भावनाओं को समझने का प्रयास है। संस्था चाहती है कि प्रतिभागी ऐसी पंक्ति तैयार करें जो जन-जन की आवाज़ बन जाए, लोगों को प्रेरित करे, और EPFO की सेवाओं व मिशन को एक सशक्त पहचान दे। आज के दौर में टैगलाइन सिर्फ शब्दों का मेल नहीं होती, बल्कि किसी संस्था की आत्मा को बयान करती है। इस प्रतियोगिता में तीन विजेताओं को चुना जाएगा, जिन्हें आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार- ₹21,000, द्वितीय पुरस्कार- ₹11,000, तृतीय पुरस्कार- ₹5,100। इसके अलावा, विजेताओं को दिल्ली में आयोजित होने वाले EPFO स्थापना दिवस समारोह में आमंत्रित किया जाएगा। यानी न केवल आर्थिक इनाम, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का शानदार मौका भी मिलेगा।
यह भी पढ़ें- PF का पैसा निकालना अब हुआ बेहद आसान, इस महीने से एटीएम से निकाल सकेंगे
कैसे करें भागीदारी- भाग लेना बेहद आसान है। प्रतिभागी को अपनी टैगलाइन तैयार कर ऑनलाइन सबमिट करनी है। इसके लिए EPFO ने एक क्यूआर कोड भी जारी किया है, जिसे स्कैन करके आप सभी जानकारी और एंट्री फॉर्म तक पहुंच सकते हैं। कोई जटिल प्रक्रिया नहीं सिर्फ आपकी सोच, रचनात्मकता और शब्दों की ताकत मायने रखती है। आज के डिजिटल युग में, एक प्रभावशाली टैगलाइन किसी भी संस्था की पहचान बना सकती है। यह कुछ शब्दों में बड़े विचारों को समेटने की कला है। EPFO जैसी प्रतिष्ठित संस्था के लिए चुनी गई टैगलाइन न केवल करोड़ों लोगों तक पहुंचेगी, बल्कि आपकी रचनात्मक सोच का प्रतीक भी बन जाएगी। अगर आप शब्दों से खेलना जानते हैं, अगर आपकी कल्पना साधारण बात को भी असाधारण बना सकती है, तो यह अवसर हाथ से न जाने दें। आपके पास 10 अक्टूबर 2025 तक का समय है। तो देर मत कीजिए अपनी सोच को शब्दों में ढालिए, टैगलाइन के रूप में प्रस्तुत कीजिए और 21,000 रुपये तक का पुरस्कार जीतिए।












