लखनऊ । ट्रेन में चेकिंग के दौरान टीटी ने एक हिंदू लड़की और मुस्लिम लड़के को बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़ा। ये दोनों नाबालिग हैं और घर से भागकर शादी करने जा रहे थे। पूर्वा एक्सप्रेस में दोनों हड़बड़ा गए जब टीटी ने उनसे टिकट मांगा। इसके बाद टीटी ने सूचना देकर दोनों को टूंडला रेलवे स्टेशन पर उतार दिया।
हिंदू संगठन के लोग मौके पर पहुंचे
इस घटना की जानकारी स्थानीय हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को मिली, जो तुरंत रेलवे स्टेशन पहुंचे। सुबह दोनों नाबालिगों को जीआरपी के हवाले किया गया। रेलवे पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों को सुरक्षा में रखा।
लड़की ने घर से भागने का बताया कारण
नाबालिग लड़की का कहना है कि वह 20 सितंबर को घर से बिना बताए निकल गई थी। अपने मुस्लिम दोस्त के साथ दो दिन दिल्ली के एक होटल में रुकी और उसके बाद लड़का उसे प्रयागराज ले जा रहा था। लड़का भी नाबालिग है और मूल रूप से रामपुर जिले का निवासी है। वह तीन महीने पहले ही दिल्ली आया था।
दिल्ली पुलिस को सुपुर्दगी और परिवार की शिकायत
लड़की के घरवालों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसलिए रेलवे पुलिस ने लड़की को दिल्ली पुलिस को सुपुर्द कर दिया। लड़की की मां का आरोप है कि उनका मुस्लिम दोस्त उनकी बेटी का मोबाइल फोन कहीं बेच चुका है और उनकी बेटी को भड़काने की कोशिश कर रहा है।

















