उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर में 424 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 278 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने फाजिलनगर का नाम बदलकर ‘पावागढ़’ करने का आधिकारिक प्रस्ताव रखने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में मच्छर और माफिया दोनों का इलाज कर उन्हें जड़ से खत्म किया गया। बीमारी भी दूर और क्राइम भी।
पुरानी स्थिति पर की बात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुरानी स्थिति की याद दिलाते हुए कहा कि करीब नौ-दस साल पहले कुशीनगर पहचान और बीमारी के संकट से जूझ रहा था। उस दौर में यहां खनन माफिया, बालू माफिया और ‘जंगल पार्टी’ का भारी आतंक था। आज की 25 वर्ष से कम उम्र की युवा पीढ़ी उस खौफ और अराजकता को शायद जानती भी नहीं होगी। इसके अलावा, इंसेफ्लाइटिस जैसी खतरनाक बीमारी यहां के मासूम बच्चों की जान ले रही थी और पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल स्थिति में थी।
















