बिहार में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जमकर सियासी घमासान मचा हुआ है। लेकिन, इस चुनावी बयान में राजनेता शब्दों में मर्यादाओं को तार-तार कर रहे हैं। खास तौर पर विपक्ष, जिसके पास और कोई मुद्दा नहीं बचा तो वो बस प्रधानमंत्री की मां को ही लगातार गाली-गलौच कर रहा है। ताजा घटना समस्तीपुर में आरजेडी के बिहार अधिकार यात्रा की है, जहां आरजेडी कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर से सारी सीमाओं को लांघते हुए प्रधानमंत्री की मां को गाली दी। ऐसा ही राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा में भी हुआ था।
घटना का पूरा विवरण
ये मामला समस्तीपुर जिले के सरैरंजन विधानसभा क्षेत्र की बताई जा रही है। बताया जाता है कि बिहार विधानसभा के एलओपी तेजस्वी यादव एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें आरजेडी कार्यकर्ता गंदी-गंदी गालियां देते दिख रहे हैं। वीडियो में मोदी जी की मां को निशाना बनाया गया, जो देखकर किसी का भी दिल दुख जाए। सम्राट चौधरी ने कहा, “तेजस्वी ने फिर से मोदी जी की मां का अपमान किया। उन्होंने बिहार की संस्कृति को तार-तार कर दिया। बिहार की मां-बहनें इस गुंडागर्दी का हिसाब जरूर लेंगी।”
बीजेपी नेताओं का गुस्सा फूटा
वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इसे बिहार और देश की करोड़ों माओं का अपमान करार दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जनता इसका जवाब देगी। केंद्रीय मंत्री ने टिप्पणी की कि लालू यादव के राज को ‘जंगल राज’ कहने पर तो इन्हें चुभता है, लेकिन लालू के राजकुमार के मंच से हमारे पीएम को गालियां दी जा रही हैं। तुम्हारी यह हरकतें देखकर साफ है कि तुम लालू के राजनीतिक वारिस हो। वहीं प्रदेश भाजपा ने इसे केवल पीएम मोदी का ही नहीं, बल्कि बिहार की संस्कृति और गरीबों का अपमान करार दिया है।
इस घटना का एक वीडियो केंद्रीय गृहराज्यमंत्री नित्यानंद राय ने शेयर किया है। उन्होंने टिप्पणी की कि गाली गलौज में पीएचडी हासिल कर चुके तेजस्वी यादव और उनके गुर्गों का एक और शर्मनाक करतूत। यह गाली दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय और देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के खिलाफ हार की बौखलाहट में है..तेजस्वी यादव और राजद वाले याद रखो आपका संस्कार, आपका चरित्र सड़क पर है। देश और बिहार के लोग देख रहे हैं। करारा जवाब मिलेगा। अब पानी सर से ऊपर गुज़र रहा है… 14 करोड़ बिहारियो के भावनाओं पर चोट करना बहुत महंगा पड़ेगा।
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि स्टेज पर तेजस्वी यादव बोल रहे हैं और नीचे उनके समर्थक प्रधानमंत्री की मां को गाली दे रहे हैं। हालांकि, ये कोई पहली बार नहीं है, जब बिहार चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री की दिवंगत मां के लिए गालियों का इस्तेमाल किया गया हो। इससे पहले दरभंगा में राहुल गांधी की यात्रा के दौरान भी पीएम मोदी और उनकी मां पर गालियां दी गईं, जिसके बाद एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा, बिहार कांग्रेस ने एक एआई वीडियो शेयर किया था, जिसमें पीएम मोदी अपनी मां के सपने में दिखाए गए थे, जो उनकी राजनीति पर डांट रही थीं।

















