अन्त्योदय के प्रणेता और एकात्म मानव दर्शन के प्रखर वक्ता पंडित दीन दयाल उपाध्याय की स्मृति में आयोजित चार दिवसीय स्मृति महोत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि पंडित जी का सपना आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में साकार हो रहा है।
वोकल फॉर लोकल और स्वदेशी का मूर्त रूप
सीएम योगी ने कहा कि पंडित उपाध्याय जी ने 1950 के दशक में भारत के राजनीतिक नेतृत्व को जो दृष्टि दी थी, वही आज “वोकल फॉर लोकल” और “स्वदेशी” के रूप में मूर्तरूप ले चुकी है। पीएम मोदी के नेतृत्व में कश्मीर से धारा 370 हटाना, अयोध्या में भव्य राममंदिर का निर्माण और 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराना जैसे असंभव कार्य भी संभव हो चुके हैं।
भारत की बढ़ती आर्थिक शक्ति
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पंडित जी के मंत्र का प्रभाव है कि भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचेगा। उन्होंने जोर दिया कि जो कभी असंभव लगता था, वही आज देश की ताकत बन चुका है।
युवा ऊर्जा भारत को आगे ले जाएगी
मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि आज का समय युवाओं का है और यूपी के पास सबसे बड़ी युवा ऊर्जा है। “सीएम युवा स्कीम” के तहत सरकार 5 लाख रुपए तक का ब्याजमुक्त और गारंटी मुक्त लोन दे रही है। जनवरी से अब तक 70 हजार युवाओं ने इसका लाभ उठाया है और लक्ष्य 1 लाख युवाओं तक पहुंचने का है।
जॉब सीकर से जॉब क्रिएटर बनने की राह
योगी ने कहा कि आज भारत का युवा जॉब सीकर नहीं, बल्कि जॉब क्रिएटर बन रहा है। स्टार्टअप केवल आईटी सेक्टर में ही नहीं बल्कि ODOP (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) और गो आधारित खेती जैसे क्षेत्रों में भी तेजी से उभर रहे हैं। यूपी सरकार ने सभी विभागों में आउटसोर्स कर्मियों को 16 से 20 हजार रुपए तक का न्यूनतम मानदेय देने की गारंटी दी है।
कांग्रेस और सपा पर सीएम योगी का हमला
सीएम ने कहा कि पिछली सरकारों में भारत को ताकतवर बनाने की दिशा में ‘असंभव’ शब्द जुड़ा था। आजादी के समय जीडीपी में 14 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाला यूपी 2017 तक देश की आठवीं अर्थव्यवस्था बनकर रह गया था। डबल इंजन सरकार ने यूपी को फिर से देश की नंबर दो की अर्थव्यवस्था बनाने का संकल्प पूरा किया है।
कश्मीर से धारा 370 हटाने की ऐतिहासिक उपलब्धि
सीएम योगी ने कहा कि कश्मीर को कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने देश के लिए नासूर बना दिया था। कभी लोग कहते थे कि धारा 370 हटाना असंभव है, लेकिन पीएम मोदी ने यह असंभव को संभव कर दिखाया। इसी तरह राममंदिर निर्माण का संकल्प भी मोदी सरकार ने पूरा किया।
पंडित दीन दयाल जी का कश्मीर पर नारा
योगी ने याद दिलाया कि जब लोग कहते थे कि क्या कश्मीर से अनुच्छेद 370 कभी हट पाएगा, तब दीन दयाल जी ने नारा दिया था: “जहां हुए बलिदान मुखर्जी, वह कश्मीर हमारा है।” आज यह नारा साकार हुआ है और राष्ट्र की एकता को नई मजबूती मिली है।

















