ढाका (बांग्लादेश) (हि.स.) । बांग्लादेश में नवरात्रि और दुर्गा पूजा से पहले एक हिन्दू मंदिर पर हुई तोड़फोड़ से अल्पसंख्यक समुदाय में दहशत का माहौल है। रविवार रात कुश्तिया के मीरपुर उप जिला स्थित स्वरूपदाह पालपारा श्री श्री रक्खा काली मंदिर में बदमाशों ने दो मूर्तियों को खंडित कर दिया। घटना के बाद लोग भयभीत हैं।
बदमाशों ने सुरक्षा कैमरा और मेमोरी कार्ड लूटा
बदमाश तोड़फोड़ करने के बाद मंदिर का सीसीटीवी कैमरा और मेमोरी कार्ड अपने साथ ले गए। द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, मीरपुर थाना प्रभारी मोमिनुल इस्लाम ने बताया कि यह घटना रविवार रात 8:00 बजे से 8:30 बजे के बीच हुई होगी। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और न ही कोई शिकायत दर्ज की गई है। घटना की जांच जारी है।
मंदिर समिति में दहशत का माहौल
मंदिर समिति के पूर्व सचिव बादल कुमार डे ने कहा कि पिछले तीन साल से यहां दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। दुर्गा पूजा से पहले हुई इस घटना ने सभी को डर और चिंता में डाल दिया है। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने मंदिर का सुरक्षा कैमरा और उसका मेमोरी कार्ड लूट लिया है।
प्रशासन ने घटनास्थल का दौरा किया
कुश्तिया के उपायुक्त अबू हसनत मोहम्मद अराफिन ने सोमवार को घटनास्थल का दौरा किया और कहा कि जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों को जल्द पकड़ा जाएगा और स्थिति को सामान्य बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
मंदिर की सुरक्षा बढ़ाई गई
मंदिर में मौजूदा सुरक्षा उपायों के बारे में पूछे जाने पर उपायुक्त अराफिन ने बताया कि नए कैमरे लगाए गए हैं और अंसार के सदस्य 24 घंटे तैनात रहते हैं। उन्होंने कहा, “स्थिति अब सामान्य है।” मंदिर समिति के सचिव श्रीभाष कुमार डे ने कहा कि उन्होंने इस घटना को लेकर कुश्तिया के पुलिस अधीक्षक से चर्चा की है।

















