महाराष्ट्र के अकोला से क्रूर मुगल शासक औरंगजेब के समर्थन में नारे लगाने और उसकी तस्वीर पर दूध चढ़ाने का वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह वीडियो अकोला शहर के तिलक रोड स्थित जूना कपड़ा बाजार चौक का है। पिछले सप्ताह ईद-ए-मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान कुछ मुस्लिमों को औरंगजेब के साथ ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और उनके भाई अकबरुद्दीन ओवैसी के पोस्टरों पर भी दूध चढ़ाते हुए देखा गया।
यूजर्स ने आक्रोश व्यक्त किया
इस वीडियो को ज्यादा से ज्यादा यूजर्स सोशल मीडिया पर शेयर कर आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं। हिमांशु मित्तल ने इस वीडियो को एक्स पर शेयर करते हुए लिखा कि मूर्ति पूजा तो इस्लाम में हराम है ना? यही बोल कर अशोक स्तंभ को पत्थर से तोड़ा गया था कश्मीर में, है ना? तो अकोला में ये मुसलमान औरंगजेब की फिल्मी तस्वीर पर दूध चढ़ा कर क्या कर रहे हैं, शिर्क? इसी तरह आक्रांता के महिमामंडन और औरंगजेब जैसे क्रूर शासक को पूजने पर अनुपम आनंद नाम के यूजर ने लिखा कि महाराष्ट्र के अकोला में मुस्लिम समुदाय औरंगजेब का दूध से अभिषेक कर रहे हैं। इनके आदर्श ही आक्रांता हैं तो ये क्या कर सकते हैं।
पुलिस औरंगजेब के पोस्टर जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुटी
वहीं, जैसे ही वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी। जिस तस्वीर को दूध से नहलाया जा रहा है वह बॉलीवुड फिल्म ‘तानाजी: द अनसंग वॉरियर’ के पोस्टर में छपे औरंगजेब के किरदार की है। फिल्म में औरंगजेब का किरदार एंग्लो इंडियन अभिनेता ल्यूक केनी ने निभाया है। पुलिस ने बताया कि जुलूस वाले दिन ही औरंगजेब वाले इन पोस्टर्स को जब्त कर लिया गया था। अब इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
औरंगजेब के समर्थन में स्टेटस, नारों के कई वीडियो पहले भी हो चुके हैं वायरल
महाराष्ट्र में ऐसा पहली बार नहीं हुआ है इससे पहले भी यहां औरंगजेब के समर्थन में नारेबाजी के कई वीडियो सामने आ चुके हैं। मार्च 2025 में धाराशिव जिले में औरंगजेब की फोटो और ‘बाप तो बाप रहेगा’ लिखकर एक लड़के ने मोबाइल पर स्टेटस लगाया था, जिस पर काफी विवाद हुआ था। हिंदूवादी संगठन इसके खिलाफ सड़कों पर उतर आए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया था।
महाराष्ट्र के अकोला में मुसलमानों ने औरंगज़ेब के तस्वीर पर दूध चढ़ाया pic.twitter.com/NF7tjaRj1w
— Kreately.in (@KreatelyMedia) September 11, 2025
इसी तरह जून 2023 में बुलढाना में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की रैली में आए समर्थकों ने ‘औरंगजेब अमर रहे’ और ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, औरंगजेब तेरा नाम रहेगा’ जैसे नारे लगाए थे। मुगल शासक को लेकर इस नारेबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। इसके अलावा कई युवकों ने अपने मोबाइल में औरंगजेब के कसीदे गढ़ने वाले स्टेटस भी लगाए थे। जब ये स्टेटस वायरल हुए तो शिकायत के बाद पुलिस ने इन लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत एक समुदाय को दूसरे समुदाय के खिलाफ अपराध करने के लिए उकसाने, धार्मिक भावनाओं को आहत करने और अन्य अपराधों के तहत केस दर्ज किया था।

















