पंजाब की शांति में अंगारे डालने से पाकिस्तान बाज नहीं आ रहा है। पुलिस ने राज्य में दो लोगों को गिरफ्तार कर उनसे भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं। बताया जाता है कि यह हथियार पाकिस्तान की तरफ से भेजे गए हैं।
अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़
पंजाब पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। काउंटर इंटेलिजेंस फिरोजपुर/फरीदकोट और एसएसओसी फाजिल्का की संयुक्त कार्रवाई में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सक्रिय एक हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने फाजिल्का क्षेत्र से दो हथियार सप्लायरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 27 अवैध पिस्तौल (.30 बोर) और 470 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
संयुक्त कार्रवाई और गिरफ्तारियां
पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर वीरवार को फाजिल्का के गांव मुहार जमशेर के नजदीक भारत-पाक सीमा के पास संयुक्त ऑपरेशन चलाया। इस दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को काबू किया गया, जिनकी पहचान मंगल सिंह मंगली निवासी तेजा रहेला गट्टी नं. 3 और गुरमीत सिंह निवासी गांव मुहार जमशेर थाना सदर फाजिल्का के रूप में हुई।
जांच में सामने आई सच्चाई
जांच से सामने आया है कि यह हथियार पाकिस्तान से एक विदेशी गिरोह द्वारा तस्करी कर पंजाब भेजे गए थे। इनका इस्तेमाल राज्य में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए किया जाना था। गिरफ्तार आरोपी इन हथियारों को विभिन्न आपराधिक समूहों के ऑपरेटिव्स तक पहुंचाने वाले थे।
आगे की जांच और कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि विदेशी नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए जांच जारी है। साथ ही हथियारों की सप्लाई चेन और पूरे मॉड्यूल का पर्दाफाश करने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

















