पंजाब में पाकिस्तान से आने वाले हथियारों के क्रम में एकदम फिर से तेजी आई है, इस क्रम में पुलिस ने आज 15 आधुनिक पिस्तौलें बरामद की हैं। गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े एक बड़े सीमा-पार हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों में एक नाबालिग
इस संबंध में गिरफ्तार किए गए लोगों में शमशेर सिंह उर्फ सीमा, अमनदीप सिंह उर्फ बॉबी, बलविंदर सिंह उर्फ काका, गुरदेव सिंह, करणप्रीत सिंह, हरमन सिंह और एक नाबालिग शामिल हैं। सभी आरोपी अमृतसर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 आधुनिक पिस्तौल बरामद की हैं, जिनमें 9 ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल और 6 पिस्तौल .30 बोर की शामिल हैं।
सोशल मीडिया से पाकिस्तानी हैंडलरों के संपर्क में आए
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान-आधारित हैंडलर के संपर्क में थे और पंजाब में अवैध हथियारों की सप्लाई का नेटवर्क चला रहे थे। अमृतसर के थाना कैंटोनमेंट में इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कडिय़ों, इसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक का पता लगाने में जुटी है, ताकि हथियार सप्लाई चेन को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
दस करोड़ की थी यह डील
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि पाकिस्तान से 10 करोड़ की हथियारों की बड़ी खेप भेजी गई है, जिसे उक्त आरोपियों ने रिसीव किया था।
इसी के तहत ट्रैप लगाया और सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और इसे मौके पर ही हथियार बरामद किए गए। उन्होंने कहा कि सीमा पार से होने वाली अवैध हथियार तस्करी, संगठित अपराध और नेटवर्किंग को पूरी तरह खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कल बरामद की थी 9 पिस्तौलें
काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने ही कल 30 अक्तूबर को तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर सीमा पार से चल रहे अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया था। उनके कब्जे से मैगजीन सहित नौ आधुनिक पिस्तौल बरामद किए थे। इस संबंध में केस थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में शस्त्र अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है। इस संबंध में आरोपियों की पहचान दविंदर सिंह निवासी गांव भंगवा, परमजीत सिंह उर्फ पम्मा और हरमीत सिंह उर्फ मीटू निवासी गांव भिंडी औलख के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी पाकिस्तान में बैठे तस्कर के निर्देश पर काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बरामद किए गए हथियार पंजाब में अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कुख्यात गैंगस्टर जोबनजीत सिंह उर्फ बिल्ला मंगा के करीबी सहयोगी शेरप्रीत सिंह उर्फ गुलाबा को सप्लाई किए जाने थे।
















