नई दिल्ली: नेपाल में अंतिरम प्रधानमंत्री को लेकर नया ट्विस्ट सामने आ गया है। सुशीला कार्की की जगह Gen-Z ने एम घिसिंग का नाम आगे कर दिया है। इससे पहले कहा जा रहा था कि पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को नेपाल का अंतरिम प्रधानमंत्री बनाया जा रहा है। लेकिन, अब एक नया नाम सामने आया है जो एम घिसिंग का है। वह इंजीनियर हैं और उन्हें नेपाल में बिजली संकट का हल निकालने वाले के तौर पर देखा जाता है।
कहा जा रहा है कि इंजीनियर कुल मान घिसिंग को अंतरिम सरकार की कमान सौंपी जा सकती है। प्रदर्शनकारियों ने उन्हें देशभक्त और सबका चहेता बताते हुए चुना है। उनको Gen-Z का समर्थन है। Gen-Z प्रदर्शनकारियों ने गुरुवार दोपहर एक संक्षिप्त बयान में बताया कि छह घंटे की वर्चुअल बैठक में काठमांडू के मेयर बालेन शाह और सुप्रीम कोर्ट की पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की के नामों पर भी विचार हुआ। लेकिन घिसिंग का नाम सामने आना कई लोगों के लिए चौंकाने वाला है।

‘Gen-Z विरोध प्रदर्शन’ समूह का कहना है कि घीसिंग को प्रदर्शनकारियों ने देशभक्त और सभी का पसंदीदा बताया है। यह आश्चर्यजनक है। ऐसे में अंतरिम प्रधानमंत्री के कयासों में फिलहाल घिसिंग का नाम भी जुड़ गया है। दरअसल, कहा जा रहा है कि घिसिंग का नाम सियासत के पुराने चेहरों से अलग है। उनकी छवि तकनीकी विशेषज्ञ के तौर पर है और वह नेपाल मेंं एक जाना-माना नाम है। उन्होंने नेपाल विद्युत प्राधिकरण के प्रमुख के रूप में देश के बिजली संकट को खत्म करने में अहम भूमिका निभाई थी।
इससे पहले कहा गया था कि पूर्व मुख्य न्यायाधीश कार्की ने नई सरकार बनाने के लिए अस्थायी नियंत्रण में सेना के साथ बातचीत शुरू कर दी है। गौरतलब है कि नेपाल में Gen-Z के विरोध प्रदर्शन के कारण दो दिन में ही केपी शर्मा ओली को इस्तीफा देना पड़ा था। प्रदर्शनकारियों ने कई नेताओं के घरों में आग लगा दी थी और संसद में घुस गये थे।

















