नई दिल्ली । नेपाल की राजधानी काठमांडू में जारी हिंसक विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच जिलों की पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) अलर्ट मोड पर हैं। वहीं उत्तराखंड में भी नेपाल सीमा क्षेत्र पर तैनात सशस्त्र सीमा बल भी लगातार चौकसी बरत रहा है। नेपाल सीमा क्षेत्र राज्यों की के पुलिस मुख्यालय लगातार सीमावर्ती जिलों के पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर हालात की जानकारी ले रहा है।
भारतीय दूतावास की एडवाइजरी
नेपाल की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों को यात्रा स्थगित करने की सलाह दी है। दूतावास ने आपात स्थिति में मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:
- +977-980 860 2881 (व्हाट्सऐप कॉल पर भी)
- +977-981 032 6134 (व्हाट्सऐप कॉल पर भी)
विदेश मंत्रालय की चेतावनी
भारत के विदेश मंत्रालय ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे अपने निवास स्थान पर ही रहें और सड़कों पर न निकलें। मंत्रालय ने कहा कि हालात सामान्य होने तक नेपाल यात्रा स्थगित कर दें और स्थानीय प्रशासन व दूतावास की सुरक्षा सलाह का पालन करें।
काठमांडू एयरपोर्ट बंद, उड़ानें स्थगित
इंडिगो एयरलाइंस ने भी एडवाइजरी जारी की है। काठमांडू एयरपोर्ट बंद होने के कारण सभी उड़ानें निलंबित कर दी गई हैं। यात्रियों को वेबसाइट से वैकल्पिक उड़ान चुनने या रिफंड का विकल्प लेने की सुविधा दी गई है। हालात सामान्य होते ही उड़ानें बहाल कर दी जाएंगी।
नेपाल में हिंसक प्रदर्शन
नेपाल में Nepal Gen Z के नेतृत्व में हो रहे प्रदर्शनों ने बीते दो दिनों में हिंसक रूप ले लिया है। कम से कम 19 लोगों की मौत हो चुकी है और 500 से अधिक लोग घायल हुए हैं। 8 सितंबर 2025 से शुरू हुआ यह आंदोलन काठमांडू से लेकर पोखरा, बुटवल और बिरगंज तक फैल गया है।

















