काठमांडू विमानस्थल पर फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए भारत सरकार ने विशेष विमान भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। मौजूदा अशांति और सुरक्षा कारणों से विमानस्थल को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है। इस वक्त 400 से अधिक भारतीय नागरिक हवाईअड्डे पर फंसे हुए हैं।
भारत सरकार की सुरक्षित वापसी की पहल
भारत सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए कदम उठा रही है। दिल्ली से काठमांडू विशेष विमान भेजने के लिए नेपाली सेना से समन्वय किया जा रहा है। काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने भारतीय वायु सेना के दो विमान भेजने का अनुरोध किया है।
नेपाली सेना का बयान और निर्देश
नेपाली सेना ने कहा है कि मौजूदा अशांति में फंसे विदेशी नागरिक बिना देरी स्थानीय सुरक्षा बलों से संपर्क करें। सेना ने होटलों, टूर ऑपरेटरों और संगठनों से भी आग्रह किया है कि वे विदेशी आगंतुकों को सहायता और समन्वय में सहयोग करें।
विरोध प्रदर्शनों के बीच गिरफ्तारी
नेपाली सेना ने अशांति और हिंसा के बीच बुधवार को 27 लोगों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक हुई लूटपाट, आगजनी और अराजक गतिविधियों में शामिल लोगों को हिरासत में लिया गया।

सुरक्षा बलों की कार्रवाई और बरामदगी
द हिमालयन पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार काठमांडू में आगजनी पर काबू पाने के लिए तीन दमकल गाड़ियां तैनात की गईं। सुरक्षा बलों ने संदिग्धों से 33.7 लाख रुपये नकद और हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया। इसमें 31 आग्नेयास्त्र, मैगजीन और गोला-बारूद शामिल हैं।

घायल पुलिसकर्मियों और नागरिकों का इलाज
संघर्ष के दौरान घायल हुए 23 पुलिसकर्मियों और तीन नागरिकों का सैन्य अस्पतालों में इलाज चल रहा है। नेपाली सेना ने दोहराया है कि सुरक्षा एजेंसियां हिंसा रोकने और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय हैं।

















