हाल ही में प्रसिद्ध गायक और पद्मश्री से सम्मानित कैलाश खेर का नया देशभक्ति गीत ‘भारतीय सेना’ रिलीज हुआ है। यह गीत हमारे देश की थलसेना, वायुसेना और नौसेना के अदम्य साहस, बलिदान और समर्पण को एक संगीतमय श्रद्धांजलि है। यह गीत न केवल सैनिकों के शौर्य को सलाम करता है, बल्कि आम नागरिकों में भी देशभक्ति की भावना को जागृत करता है।
गीत की प्रेरणा- इस गीत की प्रेरणा कैलाश खेर को देश के रक्षामंत्री श्री राजनाथ सिंह से मिली। कैलाश खेर ने बताया कि फरवरी महीने में जब उनकी राजनाथ सिंह जी से मुलाकात हुई, तब उन्होंने भारतीय सेना पर एक ऐसा गीत बनाने का सुझाव दिया, जो सेना के शौर्य और बलिदान को सही मायनों में दर्शाए। तभी से यह विचार बना कि एक ऐसा गीत तैयार किया जाए, जो तीनों सेनाओं थलसेना, वायुसेना और नौसेना को समर्पित हो। इससे पहले भी कैलाश खेर और राजनाथ सिंह साथ मिलकर ‘भारत के वीर’ नामक एक गीत पर काम कर चुके हैं, जो देश के वीर जवानों को समर्पित था। लेकिन इस बार यह गीत और भी व्यापक है, क्योंकि यह तीनों सेनाओं के शौर्य को एक साथ दर्शाता है। इस गीत में पहली बार गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की आवाज भी सुनाई देती है। यह अपने आप में ऐतिहासिक पल है, जब देश के दो शीर्ष नेता एक देशभक्ति गीत में अपनी आवाज से योगदान दे रहे हैं।
कैलाश खेर ने इस गीत को स्वयं लिखा और संगीतबद्ध किया है। अब समय आ गया है कि हमारी सेना के साहस और शौर्य की गाथा गीतों के ज़रिए हर नागरिक तक पहुँचे। यह सिर्फ एक गीत नहीं, बल्कि सैनिकों और देशवासियों के लिए एक भावनात्मक संदेश है। यह बताता है कि हमारे जवान हर मौसम और हर हालात में देश की सेवा में तत्पर रहते हैं – चाहे बर्फीली चोटियाँ हों या तपता रेगिस्तान। वे बिना किसी स्वार्थ के, अपने परिवार से दूर रहकर हमारी आजादी और सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। कैलाश खेर ने कहा, “हमें अब सेनाओं के यशगान करना चाहिए- उनके वीरता की कहानियाँ गानी चाहिए। जब गीत इतना भावुक और शक्तिशाली हो गया, तो इसका वीडियो भी उतना ही भव्य और प्रेरणादायक बनाना ज़रूरी था।”
गीत की प्रस्तुति- यह गीत 29 अगस्त को कैलाश खेर के यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुआ। इसे कैलासा रिकॉर्ड्स द्वारा प्रस्तुत किया गया है। यह गीत रिलीज होते ही चर्चा में आ गया। सोशल मीडिया पर इसे सेनाओं को सच्ची श्रद्धांजलि बताया जा रहा है। गीत में भारत की सेना की शक्ति, साहस और अनुशासन को बारीकी से दर्शाया गया है। इसकी धुनें प्रेरणादायक हैं और बोल सीधे दिल को छू जाते हैं। इस गीत में भारतीय सेना के पराक्रम, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा को अत्यंत भावनात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया है।

















