पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेनाओं के द्वारा शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के हमले में एक गाय का पैर बुरी तरह से कट गया। अब वह गाय घायल अवस्था में जिंदगी की जंग लड़ रही है। इसका वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल हो रहे वीडियो में राजेश कुमार नाम के व्यक्ति ने बताया कि ये घटना जम्मू के आरएसपुरा सेक्टर ही है। राजेश बताते हैं कि वो इसी सेक्टर में रह रहे हैं। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के सेल उनके घर पर आकर गिरे, जिसकी चपेट में आने से एक गाय का पैर ही कट गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि गाय का पीछे का एक पैर कट गया है। राजेश बताते हैं कि चूंकि सीमा पर तनाव की स्थिति है, इसलिए कोई भी डॉक्टर यहां आना ही नहीं चाहता है।
ऐसे में हम खुद से ही जैसे कर सकते हैं वैसे इनका इलाज कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से निवेदन किया कि अगर कोई नकली पैर या इस जैसा कुछ जिससे गाय की सेहत सही हो सके, मदद करने की गुहार लगाई है।
7 मई को शुरू हुआ था ऑपरेशन सिंदूर
गौरतलब है कि कश्मीर की पहलगाम घाटी में 22 अप्रैल 2025 को पाकिस्तानी आतंकियों ने 26 निर्दोषों की बेरहमी से हत्या कर दी थी। इसके बाद 7 मई को भारत ने ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया था। इसके तहत भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों पर हमला किया। इसमें 100 से अधिक आतंकियों को मार गिराया गया। बाद में पाकिस्तान ने भी चीनी हथियारों और तुर्की के ड्रोन के सहारे भारत के कई इलाकों में हमले किए, लेकिन भारतीय एयर डिफेंस ने सभी को हवा में ही राख कर दिया।
भारत में पलटवार करते हुए पाकिस्तान के 11 एयरबेस को भी ध्वस्त कर दिया। इसके बाद पाकिस्तान ने 10 मई को भारत के सामने सीजफायर की गुहार लगाई। बाद में दोनों देशों के बीच सीजफायर हो गया।

















