अक्सर लोग जन्म प्रमाण पत्र (Birth Certificate) को सिर्फ स्कूल में एडमिशन से जोड़कर देखते हैं, लेकिन यह सोच पूरी तरह सही नहीं है। असल में, जन्म प्रमाण पत्र एक बहुत जरूरी सरकारी दस्तावेज है, जिसकी जरूरत हमें जीवन के कई जरूरी कामों में पड़ती है। यह सिर्फ एक कागज नहीं है, बल्कि यह आपकी जन्म की तारीख, जगह और पहचान का आधिकारिक प्रमाण होता है। सबसे खास बात यह है कि यह नागरिकता को साबित करने का भी सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज होता है।
जन्म प्रमाण पत्र क्यों जरूरी है- जन्म प्रमाण पत्र कई जरूरी कामों में काम आता है, जैसे- पासपोर्ट बनवाने के लिए, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी और आधार कार्ड के लिए, स्कूल या कॉलेज में दाखिले के समय, सरकारी योजनाओं का फायदा लेने के लिए, बैंक या बीमा से जुड़े मामलों में, सरकारी नौकरी में दस्तावेज के रूप में, पेंशन, उत्तराधिकारी या कानूनी मामलों में। इसलिए अगर आपके पास अभी तक जन्म प्रमाण पत्र नहीं है, तो आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है। अब इसे किसी भी उम्र में बनवाया जा सकता है। पहले यह नियम था कि इसे केवल जन्म के 15 साल के अंदर ही बनवाया जा सकता है, लेकिन अब यह नियम खत्म कर दिया गया है।
इसे बनवाने के तरीके- ऑनलाइन और ऑफलाइन अब आप इसे दो तरीकों से बनवा सकते हैं। अगर आप घर बैठे ऑनलाइन आवेदन करना चाहते हैं, तो ये स्टेप्स अपनाएं- सबसे पहले सरकारी वेबसाइट ttps://dc.crsorgi.gov.in/crs पर जाएं। वहां “Birth Certificate” के ऑप्शन पर क्लिक करें। अब रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरें – जैसे नाम, जन्म की तारीख, माता-पिता का नाम, पता आदि। मांगे गए जरूरी दस्तावेज स्कैन करके अपलोड करें फिर फॉर्म को सबमिट कर दें। आपके मोबाइल पर एक SMS आएगा जिसमें आवेदन की जानकारी होगी।आवेदन मंजूर होने पर वहीं से जन्म प्रमाण पत्र डाउनलोड करें। उत्तर प्रदेश में जन्म प्रमाण पत्र कैसे डाउनलोड करें- वेबसाइट https://e-nagarsewaup.gov.in
पर जाएँ। जन्म प्रमाण पत्र” विकल्प चुनें। नया रजिस्ट्रेशन करें और मांगी गई जानकारी भरें। फॉर्म भरने के बाद आपको SMS से यूजर आईडी और पासवर्ड मिलेगा। लॉगिन करें, दस्तावेज़ अपलोड करें और फॉर्म सबमिट करें। आवेदन मंजूर होने के बाद, वेबसाइट से जन्म प्रमाण पत्र डाउनलोड करें।
यह भी पढ़ें-
Ayushman Card: आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद इलाज से इनकार, ऐसे करें अस्पताल की शिकायत
ऑफलाइन तरीका- अगर आपके पास इंटरनेट की सुविधा नहीं है या आप ऑनलाइन आवेदन नहीं करना चाहते, तो आप अपने नजदीकी नगर निगम, तहसील कार्यालय, पंचायत भवन, में जाकर आवेदन कर सकते हैं। वहां से जन्म प्रमाण पत्र का फॉर्म लें, भरें और जरूरी दस्तावेजों के साथ जमा कर दें। प्रक्रिया पूरी होने पर आपको प्रमाण पत्र दे दिया जाएगा।
कौन-कौन से दस्तावेज लगते हैं- जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आपको नीचे दिए गए दस्तावेजों की जरूरत होगी- माता-पिता का आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र (जैसे बिजली बिल, राशन कार्ड आदि), जन्म का प्रमाण (जैसे अस्पताल की पर्ची या रिकॉर्ड), माता-पिता का नाम, पता और पेशा, पासपोर्ट साइज फोटो, स्थायी मोबाइल नंबर (SMS के लिए)। जन्म प्रमाण पत्र एक बहुत ही जरूरी दस्तावेज है, जो हर नागरिक को बनवाना चाहिए। अब इसकी प्रक्रिया बहुत आसान हो गई है- आप चाहे तो ऑनलाइन करें या ऑफलाइन, दोनों तरीके उपलब्ध हैं। अगर आपके पास यह प्रमाण पत्र नहीं है, तो अब समय है इसे बनवाने का। इससे आपके भविष्य में कई सरकारी काम बिना किसी परेशानी के पूरे हो सकेंगे।















