नई दिल्ली। भारत ने पाकिस्तान के नेताओं की भारत विरोधी बयानबाजी पर सख्त चेतावनी दी है। पाकिस्तान को इशारों में यह भी बता दिया है कि ऑपरेशन सिंदूर अभी जारी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान को अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए भारत के खिलाफ भड़काऊ और घृणित टिप्पणियां बंद कर देनी चाहिए। भारत ने यह भी साफ किया कि किसी भी दुस्साहस का अंजाम बुरा होगा, जिसका हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर में स्पष्ट उदाहरण देखा गया है।
सिंधु जल संधि पर भारत का रुख
विदेश मंत्रालय ने सिंधु जल संधि पर पाकिस्तान के भ्रामक दावों को भी खारिज कर दिया है। जायसवाल ने दोहराया कि भारत ने कभी भी इस संधि पर मध्यस्थता न्यायालय की वैधता को स्वीकार नहीं किया है। इसलिए, इसके फैसले भारत के जल उपयोग अधिकारों को प्रभावित नहीं करते हैं। भारत ने 27 जून को स्पष्ट किया था कि यह संधि पाकिस्तान द्वारा लगातार प्रायोजित सीमा पार आतंकवाद और बर्बर पहलगाम हमले के जवाब में स्थगित की गई थी।
प्रवक्ता ने पाकिस्तान को अपनी बयानबाजी पर संयम बरतने की सलाह दी और कहा कि भारत किसी भी दुस्साहस का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है।















