पंजाब में स्वतंत्रता दिवस पर आतंक फैलाने की खालिस्तानी तत्वों की कोशिश को पुलिस ने असफल कर दिया है। जालंधर काउंटर इंटेलिजेंस ने शहीद भगत सिंह नगर की पुलिस के साथ एक संयुक्त अभियान में बीकेआई आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। यह नेटवर्क पाक स्थित बीकेआई ऑपरेटिव हरविंदर रिंदा के निर्देशों पर विदेशी हैंडलर मन्नू अगवान, गोपी नवांशहरिया और जीशान अख्तर द्वारा संचालित किया जा रहा है।
राजस्थान लसे से गिरफ्तार गुर्गे
राजस्थान के टोंक और जयपुर से पुलिस ने पांच गुर्गों को गिरफ्तार किया है। इस मॉड्यूल ने हाल ही में एसबीएस नगर में एक शराब की दुकान के अंदर हमले की योजना बनाई थी और उसे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ऐसे ही हमले करने का काम सौंपा गया था। गिरफ्तार आरोपियों को विदेश स्थित जीशान अख्तर और बीकेआई मास्टरमाइंड मन्नू अगवान से सीधे निर्देश मिल रहे थे। वहीं एक आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक व्यक्ति घायल हो गया। उसे एसबीएस नगर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों पर पुलिस स्टेशन सिटी नवांशहर में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों से एक 86पी हैंड ग्रेनेड, एक .30 बोर पिस्तौल, दो कारतूस और .30 बोर के दो खाली खोल बरामद हुए हैं।
पन्नू ने फिर जारी किया धमकी भरा वीडियो
दूसरी तरफ पाकिस्तान पोषित खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एक बार फिर धमकी भरी वीडियो जारी की है। इस बार उसने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली जाने वाली गाडिय़ों में बम धमाकों की बात कही है। आतंकी पन्नू ने कहा है कि लोग दिल्ली जाने वाली ट्रेन में सोच समझकर सफर करें। इसके साथ ही उसने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को भी जान से मारने की धमकी दी है। पन्नू ने अपने एक साथी जश्नप्रीत सिंह के एनकाउंटर के विरोध में धमकी भरी यह वीडियो जारी की है।
वीडियो में पन्नू कह रहा है कि 15 अगस्त के मौके पर लोग दिल्ली जाने वाली ट्रेन में सोच समझ कर चढ़ें। इसके साथ ही फरीदकोट में मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से तिरंगा फहराए जाने के कार्यक्रम में शामिल न होने की बात कही है। पन्नू ने कहा कि जश्नप्रीत सिंह के एनकाउंटर मामले में सरकार की ओर से गोली चलाई गई है जिसका जवाब गोली से दिया जाएगा। जसप्रीत सिंह वही आरोपी है जिसने पन्नू के कहने पर अमृतसर में खालसा कॉलेज, शिवाला मंदिर, बस स्टैंड ओर अन्य जगहों पर खालिस्तानी नारे का पेंट किया था।

















