पाकिस्तान के आर्मी चीफ फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने अमेरिका में एक कार्यक्रम के दौरान भारत को निशाना बनाते हुए कई विवादित और आपत्तिजनक बयान दिए। इस दौरान उन्होंने न सिर्फ भारत को धमकाने की कोशिश की, बल्कि पाकिस्तान की तुलना भी एक कबाड़ से भरे ट्रक से करते हुए अपनी कमजोरी को अप्रत्यक्ष रूप से स्वीकार किया। टैम्पा (फ्लोरिडा, अमेरिका) में आयोजित एक औपचारिक डिनर पार्टी के दौरान आसिम मुनीर ने भारत की तुलना एक चमचमाती मर्सिडीज कार से की, जो हाईवे पर तेजी से दौड़ रही है। वहीं पाकिस्तान को उन्होंने एक ऐसा भारी-भरकम डंप ट्रक बताया जो ईंट-पत्थरों से भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर दोनों टकरा जाएं, तो नुकसान किसका होगा? यह बयान भारत के खिलाफ एक तरह की धमकी के तौर पर देखा जा रहा है।
ऑपरेशन सिंदूर का गुस्सा- मुनीर का यह बयान मई 2025 में भारत द्वारा किए गए “ऑपरेशन सिंदूर” के बाद सामने आया है, जिसमें पाकिस्तान को सैन्य रूप से भारी नुकसान उठाना पड़ा था। इसी की प्रतिक्रिया में मुनीर ने भारत को “आधी दुनिया को अपने साथ ले डूबने” की बचकानी धमकी दी। उन्होंने यह भी कहा कि अगर भारत ने सिंधु नदी पर डैम बनाए तो पाकिस्तान 10 मिसाइलें दागेगा। उन्होंने कहा, “सिंधु नदी भारत की पारिवारिक संपत्ति नहीं है, और हमारे पास मिसाइलों की कोई कमी नहीं है।” फील्ड मार्शल मुनीर की पहचान एक कट्टरपंथी सैन्य नेता के रूप में होती है। वह पाकिस्तान के पहले ऐसे आर्मी चीफ हैं जिनकी शिक्षा मदरसे में हुई है। वे अक्सर अपने भाषणों में धार्मिक उदाहरणों का प्रयोग करते हैं। टैम्पा की डिनर पार्टी में भी उनके हर बयान में भारत के प्रति नफरत और मजहबी कट्टरता झलक रही थी। उन्होंने कहा कि भारत के पूर्वी हिस्से में सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण संसाधन हैं और अगर संघर्ष हुआ तो वहीं से शुरुआत होगी, फिर पश्चिम की ओर बढ़ा जाएगा। यह बयान भारत के खिलाफ एक सुनियोजित युद्ध रणनीति की ओर इशारा करता है।
डिनर पार्टी- यह डिनर पार्टी पाकिस्तानी बिजनेसमैन अदनान असद द्वारा आयोजित की गई थी, जो टैम्पा में पाकिस्तान के मानद काउंसल हैं। इस दौरे में आसिम मुनीर ने अमेरिका की सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के निवर्तमान कमांडर जनरल माइकल कुरिल्ला के सेवानिवृत्ति समारोह में भाग लिया और उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने नए CENTCOM प्रमुख एडमिरल ब्रैड कूपर को भी सफलता की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने अमेरिकी ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल डैन केन से मुलाकात कर उन्हें पाकिस्तान आने का निमंत्रण दिया।

















