बॉक्स ऑफिस पर किसी फिल्म का लंबे समय तक टिके रहना अपने आप में बड़ी बात होती है। खासकर तब, जब हर हफ्ते नई फिल्में सिनेमाघरों में दस्तक दे रही हों। ऐसे माहौल में ‘हनुमान अंश’ ने अपनी कमाई से सबका ध्यान खींचा है। शुरुआत भले ही धीमी रही हो, लेकिन बाद में फिल्म ने ऐसी रफ्तार पकड़ी कि 50 दिन पूरे होने के बाद भी इसकी कमाई जारी है। अब फिल्म ने वर्ल्डवाइड 400 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी पार कर लिया है।
52वें दिन भी शानदार कलेक्शन
सैकनिल्क के मुताबिक करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर महज 10 लाख रुपये की ओपनिंग की थी। पहले दो हफ्तों में फिल्म का कारोबार धीमा रहा और शोज की संख्या भी कम हो गई। इसके बाद तीसरे हफ्ते से फिल्म के कलेक्शन में तेजी देखने को मिली। शनिवार को फिल्म ने करीब 6.50 करोड़ रुपये कमाए, जबकि रविवार को 52वें दिन इसका कलेक्शन बढ़कर लगभग 9 करोड़ रुपये पहुंच गया। फिल्म की अब तक की कमाई की बात करें तो ‘हनुमान अंश’ ने भारत में करीब 307.03 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है। वहीं इसका ग्रॉस इंडिया कलेक्शन करीब 362.70 करोड़ रुपये बताया गया है। वहीं दुनियाभर में फिल्म का कारोबार 401.20 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इसमें करीब 38.50 करोड़ रुपये का ओवरसीज कलेक्शन शामिल है।
‘हनुमान अंश’ एक बायोग्राफिकल डिवोशनल फिल्म है, जो नीम करोली बाबा के जीवन से जुड़ी कहानी पर आधारित है। फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है और शोभिनव सत्या मुख्य भूमिका में नजर आए हैं। फिल्म में पूर्णिमा तिवारी, चंदन आनंद, अनिल रस्तोगी, सुगंधा मल्होत्रा समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। 7 अगस्त को रिलीज हुई इस फिल्म ने धीमी शुरुआत के बावजूद लंबी पारी खेलते हुए बॉक्स ऑफिस पर अपनी कमाई का सिलसिला कायम रखा है।













