एक व्यक्ति ने प्रवचन के दौरान प्रेमानंद महाराज से पूछा- मुझे बहुत क्रोध आता है, छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा आ जाता है, जिसकी वजह से मेरी निजी जिंदगी और कामकाज दोनों पर बुरा असर पड़ता है। मैं क्या करूँ? इस पर महाराज जी मुस्कुराये और बोले कि क्रोध इंसान को अंदर से जला देता है। जब हमें गुस्सा आता है, तो सिर्फ सामने वाला नहीं, हम खुद भी उसकी आग में जलने लगते हैं। क्रोध बढ़ता है तो कई बार हिंसा का रूप ले लेता है। फिर हम ऐसे काम कर बैठते हैं जिनका हमें जीवन भर पछतावा करना पड़ सकता है।
क्रोध पर नियंत्रण कोई आसान काम नहीं है लेकिन नामुमकिन भी नहीं है। सबसे पहले हमें अपने भीतर यह संकल्प लेना होगा कि “मैं क्रोधित नहीं होऊँगा।” यह निर्णय अगर बुद्धि से लिया जाए और बार-बार दोहराया जाए, तो धीरे-धीरे मन भी उस पर विश्वास करने लगेगा। जब कोई व्यक्ति बार-बार आपको भला-बुरा कह रहा हो या हालात ऐसे हो जाएँ कि गुस्सा आना तय हो, तो सबसे अच्छा उपाय है- वहाँ से हट जाना। उस वक्त बहस या जीतने की कोशिश मत कीजिए, क्योंकि ऐसा करने से मामला और बिगड़ता है।
मौन रहना सीखिए- कई बार जब हम कुछ नहीं कहते, तब भी भीतर ही भीतर गुस्सा बढ़ता रहता है। इसलिए उस स्थिति में भी मन को समझाइए कि कुछ भी बोलना या करना नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे समय में मौन रहना ही समझदारी है। कभी-कभी क्रोध में आकर लोग हत्या तक कर बैठते हैं, और फिर जीवन भर जेल में सड़ते हैं। ऐसे बहुत से उदाहरण हैं जहाँ एक क्षण का गुस्सा पूरी जिंदगी का पछतावा बन गया। क्या हम ऐसा जीवन चाहते हैं? नहीं।
यह भी पढ़ें-
लोग हमारा अहित क्यों करते हैं? जानिए प्रेमानंद जी महाराज ने क्या कहा?
अगर हम थोड़ी देर सहन कर लें, किसी की बुरी बातों को नज़रअंदाज़ कर दें, तो हम खुद को और अपने परिवार को बहुत बड़ी परेशानी से बचा सकते हैं। संयम ही जीवन की रक्षा करता है। महाराज कहते हैं कि जो भी भगवान का नाम आपको प्रिय हो- राम, कृष्ण, शिव, दुर्गा या कोई भी उसका जप कीजिए। नाम जप से मन में शांति आती है। जब मन शांत होगा तो क्रोध अपने आप कम होगा। भगवान का नाम हमारे हृदय को शीतलता देता है। जब भीतर ठंडक होगी, तो बाहर का ताप (गुस्सा) असर नहीं करेगा। सिर्फ एक दिन में क्रोध नहीं जाएगा, लेकिन अगर आप रोज़ नियम से नाम जप करें, थोड़ी देर ध्यान करें और खुद से कहें “मैं क्रोधित नहीं होऊँगा”, तो धीरे-धीरे आप में एक नई शक्ति पैदा होगी। यही शक्ति आपको हर परिस्थिति में शांत बनाए रखेगी।













