पंजाब में सरकार नशों के विरुद्ध अभियान चला रही है परंतु सरकार के योद्धा ही संदेह के घेरे में आ रहे हैं। गत माह बठिंडा में लेडी कांस्टेबल के हेरोइन के साथ गिरफ्तार होने के बाद अब जालंधर में दो कांस्टेबलों को नशे के साथ काबू किया गया है। जालंधर कमिश्नरेट पुलिस के स्पेशल सेल की टीम ने थाना रामामंडी के इलाके इम्पीरियल मॉल केएफसी रेस्टोरेंट के पास हेरोइन की सप्लाई के लिए कार में बैठे दो कांस्टेबलों को दो साथियों सहित गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के पास से हेरोइन मिली
पुलिस ने आरोपितों के पास से 11 ग्राम हेरोइन बरामद की है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गुलमर्ग एवेन्यू निवासी नवदीप सिंह, राज नगर के नवप्रीत सिंह, कपूरथला के हुसैनपुर के सुख सिमरन सिंह और न्यू बेअंत नगर के अजीतपाल सिंह के रूप में हुई है। कांस्टेबल नवदीप सिंह और नवप्रीत सिंह पंजाब सशस्त्र पुलिस (पीएपी) में तैनात हैं, जबकि उनका साथी सुख सिमरन रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के रिटायर अधिकारी का बेटा है।
NDPS एक्ट में कार्रवाई
पुलिस ने चारों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर वीरवार को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। प्राथमिक जांच में पता चला कि आरोपित गलत संगत का शिकार हो गए थे। नशे की पूर्ति के पुलिस की वर्दी की आड़ में एक साल से हेरोइन बेचने लगे थे, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपितों से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह हेरोइन कहां से लेकर और कहां बेचते थे।
जानकारी के अनुसार स्पेशल सेल की टीम के एएसआई विजय कुमार ने नाकेबंदी व गश्त के दौरान रामामंडी में मौजूद थे। जहां उन्हें सूचना मिली पीएपी में तैनात कांस्टेबल नवदीप सिंह और नवप्रीत सिंह अपने दो दोस्तों के साथ हेरोइन की सप्लाई लेने के लिए सफेद स्विफ्ट कार में सवार होकर इम्पीरियल माल केएफसी रेस्टोरेंट के पास खड़े हुए हैं, जिसके बाद उन्होंने टीम सहित मौके पर पहुंचकर चारों को गिरफ्तार कर लिया। स्पेशल सेल के प्रभारी जसपाल सिंह ने बताया कि आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
















