अमेरिका और भारत के बीच रिश्तों में एक बार फिर तनातनी दिख रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि भारत पर टैरिफ और बढ़ाया जा सकता है। ट्रंप ने इसकी वजह भारत द्वारा रूस से की जा रही तेल खरीदारी को बताया है। हालंकि भारत पहले ही स्पष्ट कर चूका है कि जो राष्ट्रहित में होगा भारत उस कदम को उठाएगा। बता दें कि हाल ही में अमेरिका ने भारत पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाया था।
ट्रुथ सोशल पर ट्रंप का बयान
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर धमकी देते हुए लिखा- “भारत न सिर्फ रूस से भारी मात्रा में तेल खरीद रहा है, बल्कि उसे खुले बाज़ार में बेचकर मोटा मुनाफ़ा भी कमा रहा है। उन्हें इस बात की परवाह नहीं कि यूक्रेन में रूसी युद्ध मशीन के कारण कितने लोग मारे जा रहे हैं।”
यूरोपीय संघ का बड़ा फैसला
वहीं यूरोपीय संघ (ईयू) ने अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ के जवाब में लागू की जाने वाली जवाबी कार्रवाई को छह महीने के लिए स्थगित करने का फैसला किया है। यह निर्णय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हाल ही में हुई एक अंतरिम समझ के बाद लिया गया है। ईयू आयोग के प्रवक्ता ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अंतरिम समझौते की प्रक्रिया
आयोग के प्रवक्ता ने कहा, “27 जुलाई को हुई सहमति के अनुरूप संयुक्त वक्तव्य को अंतिम रूप देने के लिए ईयू अमेरिका के साथ मिलकर काम कर रहा है। इन्हीं उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए आयोग ने 6 महीने के लिए अमेरिका के खिलाफ अपनी जवाबी कार्रवाई स्थगित करने की प्रक्रिया शुरू की है, जो 07 अगस्त से प्रभावी होने वाली थी।”













