बिहार के पश्चिम चंपारण के मोहच्छी बंकटवा गांव में एक ऐसी घटना घटी, जिसने सबको हैरान कर दिया। एक साल का गोविंद कुमार, जिसे शायद खिलौनों और मम्मी-पापा की गोद से ज्यादा कुछ समझ न आता, उसने एक जहरीले कोबरा को काटकर मार डाला! यह कहानी किसी फिल्मी सीन से कम नहीं, लेकिन सच है।
क्या है पूरा मामला
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार की दोपहर, गोविंद अपने घर के पास खेल रहा था। अचानक दो फीट लंबा कोबरा वहां आ धमका। शायद बच्चे ने इसे खिलौना समझा और बिना डरे उसे पकड़ लिया। गोविंद ने कोबरा को ऐसा काटा कि सांप की सांसे थम गईं! इसके बाद बच्चा भी बेहोश हो गया। परिवार वाले उसे तुरंत पास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से उसे बेतिया के सरकारी मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल रेफर किया गया।
इसे भी पढ़ें: भारतीय दृष्टि के आधार पर शिक्षा में नये विकल्प की आवश्यकता : डॉ. मोहन भागवत जी
खतरे से बाहर
हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. दुवाकांत मिश्रा ने बताया, “गोविंद को जब लाया गया, वो बेहोश था। हमने तुरंत जांच शुरू की। बच्चे के शरीर में जहर के कोई लक्षण नहीं मिले।” डॉक्टरों का कहना है कि शायद कोबरा ने गोविंद को काटा ही नहीं, या बच्चे की किस्मत इतनी बलवान थी कि जहर असर नहीं कर पाया। फिलहाल गोविंद डॉक्टरों की निगरानी में है और पूरी तरह सुरक्षित है।
‘कृष्ण बन गया बच्चा!’
गांव वाले इस घटना को चमत्कार मान रहे हैं। कुछ का कहना है, “ये तो जैसे भगवान कृष्ण और कालिया नाग की कहानी हो गई!” वहीं, गांव के लोग जहरीले सांपों की मौजूदगी से भी चिंतित हैं।











