पंजाब में अवैध हथियारों की तस्करी व इनकी बरामदगी रुकने का नाम नहीं ले रही। ताजा मामले में अमृतसर पुलिस ने आठ विदेशी पिस्तौल सहित चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। तीन दिन पहले भी पुलिस ने चार विदेशी पिस्तौल के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया था। एसएसपी मनिंदर सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपितों के तार पाकिस्तान और फ्रांस बैठे तस्करों के साथ जुड़े हैं।
पाकिस्तान से हथियारों की फंडिंग
जांच में सामने आया है कि उक्त आरोपित पाक तस्करों से बातचीत करके हथियार मंगवा कर सप्लाई कर रहे हैं। पाकिस्तानी तस्कर ड्रोन के जरिये हथियार अमृतसर सेक्टर में गिरा रहे हैं। इसके बाद ये तस्कर इन हथियारों को आगे सप्लाई कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपितों की पहचान तरनतारन के गांव कसेल निवासी गुरप्रीत सिंह, झब्बाल निवासी आकाशदीप सिंह, डंडे गांव निवासी हरप्रीत सिंह और लखविंदर सिंह के रूप में बताई है।
विदेशी पिस्टल और मोटरसाइकिल बरामद
इनसे कुल आठ विदेशी पिस्तौल और एक मोटर साइकिल बरामद किया गया है। 21 जुलाई को भी गौरव, गुलाब सिंह, अर्शदीप सिंह और स्वराज सिंह सभी निवासी तरनतारन को काबू किया था। इन के कब्जे से चार पिस्तौल, दस कारतूस, तीन मोबाइल और एक एक्टिवा बरामद की गई थी।
उधर, सीमा सुरक्षा बल और सीआईए अमृतसर की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई में सीमावर्ती क्षेत्रों से दो भारतीय तस्करों को पांच पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया गया है। इनसे दो पाकिस्तानी ड्रोन भी बरामद किए गए हैं। बीएसएफ और सीआईए ने बुधवार को देर शाम अटारी-ढंडे रोड पर विशेष नाके पर गांव ढंडे के दो लोगों को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर इनके पास से पांच पिस्तौल, पांच मैगजीन, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल बरामद हुआ।
तस्करों की पहचान रखी गई गुप्त
फिलहाल दोनों तस्करों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। इसी तरह मंगलवार रात बीएसएफ ने धनोए कलां गांव के पास भारतीय सीमा में घुसे एक ड्रोन को निष्क्रिय कर दिया था। तलाशी के दौरान ड्रोन में बंधे एक पैकेट से एक पिस्तौल, दो मैगजीन और तीन कारतूस बरामद किए गए। फिरोजपुर जिले के गांव कावू वाला झुगे में भी एक खेत से पाकिस्तानी ड्रोन व 525 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
इन घटनाओं से सहज अनुमान लगाया जा सकता है कि देश की पश्चिमी सीमा पर पाकिस्तान भारतीय नौजवानों के अपराधीकरण का प्रयास कर रहा है। पाक के नापाक इरादों के अनुसार, अब पंजाब के युवाओं के हाथों में विदेशी हथियार थमाए जा रहे हैं। आतंकवाद व गैंगस्टरवाद से पीडि़त देश के इस सीमावर्ती राज्य में अवैध हथियारों की बढ़ी आमद दाद में खाज का काम कर सकती है।
दो माह में कई विदेशी हथियार पकड़े
राज्य में सीमा पार से कानून व्यवस्था को अस्थिर करने के लिए गैंगस्टरों और आतंकी मॉड्यूल को आधुनिक विदेशी हथियारों की सप्लाई की जा रही है। पंजाब पुलिस की ओर से पिछले दो महीने में तुर्की, ऑस्ट्रेलिया, इटली, स्पेन, अमेरिका में बने हथियारों को पकड़ा है। पंजाब में हथियारों की तस्करी के चलन में तुर्की अब सुर्खियों में नजर आ रहा है। पाकिस्तान ड्रोन की मदद से तुर्की में बने पीएक्स 5 पिस्तौल पंजाब में एयरड्राप कर रहा है। पंजाब पुलिस की ओर से तीन अलग-अलग अभियानों में पीएक्स 5 पिस्तौल बरामद की गई हैं। इसके अलावा अन्य विदेशी हथियारों को पकड़ा गया है।
पंजाब में लगातार पकड़े जा रहे नशे-हथियार से तस्करी के मजबूत नेटवर्क की आशंका और बढ़ गई है। इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर पुलिस लगातार हथियारों को पकड़ रही है। पुलिस के आला अधिकारियों के मुताबिक पकड़े गए हथियार पाकिस्तान स्थित संचालक नूर की ओर से भेजे गए और ड्रोन से गिराए गए थे।पुलिस का कहना है कि ज्यादातर पकड़ी गई खेप पाकिस्तान स्थित संचालकों से जुड़ी हुई थी। ये घटनाएं सीमा पार तस्करी के अभियानों में एक खतरनाक बदलाव को दर्शाती हैं।
हाल के दिनों में पकड़े गए हथियार
वैसे तो पाकिस्तान खालिस्तानी आतंकवाद के समय से ही पंजाब में अवैध हथियारों की आपूर्ति कर रहा है परन्तु ताजा घटनाओं में अमृतसर बीते जून में दो अलग-अलग अभियानों में तीन पीएक्स 5 पिस्तौल पकड़ी गई। दो शहर से और एक जिले के ग्रामीण क्षेत्र से बरामद हुईं। इससे पहले भी तुर्की की जिगाना पिस्तौल बरामद की जा चुकी हैं। पंजाब पुलिस ने यूके स्थित संचालक धरम सिंह उर्फ धर्मा संधू संचालित बब्बर खालसा इंटरनेशनल मॉड्यूल को ध्वस्त किया है। छह उच्च श्रेणी की पिस्तौल जब्त की, जिनमें दो पीएक्स 5 (.30 बोर) और चार आस्ट्रिया में बनी ग्लाक 9 एमएम पिस्तौलें शामिल थी।
अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने लोपोके गांव से एक अलग खेप पकड़ी। जिस में एक पीएक्स 5 (.30 बोर) पिस्तौल पकड़ी। 5 जून को अमृतसर पुलिस ने दाओके गांव के सुखचैन सिंह और भकना कलां के जुगराज सिंह आठ को विदेशी हथियारों को जिस में चार पीएक्स 5 पिस्तौलें थीं ।
इसी तरह 6 जून को तरनतारन पुलिस ने लखना गांव से सुरजपाल सिंह और अर्शदीप सिंह को दो पीएक्स 5 पिस्तौलें और चार ग्लाक 9 एमएम पिस्तौलें के साथ पकड़ा। 20 जुलाई को बीकेआई के तीन आतंकियों से दो हथगोले, दो पिस्तौल पकड़े।18 जुलाई को तरनतारन सीआइए स्टाफ ने दो विदेशी पिस्तौल पकड़े। 17 जुलाई को अमृतसर काउंटर इंटेलिजेंस 10 आधुनिक विदेशी .30 बोर के पिस्तौल और मैगजीन बरामद की।

















