पंजाब में कानून व्यवस्था अत्यंत लुंजपुंज स्थिति में पहुंचती जा रही है। जिसका उदाहरण है कि राज्य में आज फिर एक प्रसिद्ध व्यवसायी की गोली मार कर हत्या कर दी गई। सीमावर्ती नगर अबोहर के भगत सिंह चौक पर स्थित न्यू वियरवैल शोरूम के संचालक के भाई संजय वर्मा की सोमवार सुबह गोली मार कर हत्या कर दी गई। वारदात शोरूम के बाहर ही हुई। संजय वर्मा को उस समय गोली मारी गई जब वे अपनी कार से उतर रहे थे। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। गोलियां चलने से वहां दहशत का माहौल बन गया और बाजार भी बंद हो गया।
संजय वर्मा को सरकारी अस्पताल में लाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनका शव पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। सूचना के बाद एसएसपी गुरमीत सिंह भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। संजय वर्मा प्रसिद्ध व्यापारी जगत वर्मा के छोटे भाई थे।
इसे भी पढ़ें: सिद्धू मूसेवाला के हत्यारे के भाई को गोलियों से भूना, बंबीहा गैंग ने ली जिम्मेदारी
हत्यारों का कुछ पता नहीं
संजय वर्मा की हत्या की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी अस्पताल पहुंच गए और राज्य में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। हत्यारे कौन थे और हत्या क्यों की गई, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। बता दें न्यू वियरवेल कपड़ों व फैशन डिजाइन की दुनिया में एक बड़ा नाम है। अबोहर के विधायक चौधरी संदीप कुमार जाखड़ ने निंदा करते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था का दीवाला निकल चुका है। कानून व डर नाम की कोई चीज नहीं रह गई है।
घर पर फेंका पेट्रोल बम
दूसरी ओर जालंधर के कस्बा आदमपुर के पास एक घर पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने पेट्रोल बम फेंक दिया और घर को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। ये घटना आदमपुर के गांधी नगर की है। बताया जाता है कि ये घटना रविवार की रात की है, जब बाइक पर सवार तीन युवकों ने पेट्रोल बम फेंका। घटना में कोई भी व्यक्ति जख्मी नहीं हुआ है, लेकिन घर के बाहर और भीतर काफी नुकसान हुआ। थाना आदमपुर की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इसे भी पढ़ें: डरता पंजाब : बदमाशों ने मांगी फिरौती, ना देने पर अस्पताल में घुस डाक्टर को गोलियों से भूना
आदमपुर थाना एसएचओ हरदेव प्रीत सिंह ने कहा यह घटना रविवार देर रात करीब 12 बजे हुई। घर के मालिक हंसराज की पत्नी परमिंदर कौर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनके बेटे-बेटी विदेश में रहते हैं और वह अपने छोटे बेटे सुमित कुमार के साथ इसी घर में रहते हैं। हंसराज के मुताबिक सुबह जब परिवार के लोग उठे तो देखा कि घर के अंदर कांच के टुकड़े बिखरे पड़े थे और मुख्य गेट पर जलने के निशान थे। मामले की सूचना तुरंत आदमपुर पुलिस को दी गई।
घटना की जांच के लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए, जिनमें दिखा कि तीन अज्ञात युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और घर पर पेट्रोल से भरी बोतलें फेंककर फरार हो गए। थाना आदमपुर के एसएचओ हरदेव प्रीत सिंह ने कहा- मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जल्द मामले में केस दर्ज किया जाएगा।
दो दिन पहले डॉक्टर को भी मारी थी गोली
ज्ञात रहे कि अभी दो दिन पहले मोगा के कोट इसे खां में हमलावरों ने एक डाक्टर को गोलियां मार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। राज्य में फिरौती मांगने न देने पर घर के बाहर फायरिंग करने, या हमला करने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। कानून व्यवस्था के मोर्चे पर सरकार असहाय नजर आ रही है।

















