पंजाब के तीन क्षेत्रों माझा, मालवा और दोआबा में काफी भाषाई व सांस्कृतिक विविधता है परंतु इनमें कुछ सांझा है तो वह है नशा। राज्य में इसी सप्ताह कुछ ऐसी घटनाएं सामने आईं जो राज्य की बर्बादी की कहानी कहने में सक्षम हैं।
नशे के कारण बना आतंकवादी
अमृतसर में पंजाब पुलिस के एएसआई हरजीत सिंह हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए आरोपी दीपक सिंह के परिवार ने उसकी नशे की लत को लेकर कई खुलासे किए हैं। दीपक के पिता बलविंदर सिंह ने बताया कि दीपक नशे का आदी हो गया था। उसकी नशे की आदत के चलते परिवार पर आर्थिक संकट बढ़ता गया और आखिरकार घर साढ़े तीन लाख रुपये में गिरवी रखना पड़ा।
बलविंदर सिंह के अनुसार दीपक पहले काम करता था लेकिन गलत संगत में पड़ने के बाद नशे की गिरफ्त में आ गया। पिछले साल 27 सितंबर को जेल जाने के बाद करीब सात महीने बाद जमानत पर बाहर आया। इसके बावजूद नशे की लत नहीं छूटी। इसी दौरान वह पाकिस्तान के आतंकियों के संपर्क में आ गया था। एएसआई हरजीत सिंह की हत्या के आरोपी एक शूटर को पुलिस ने शनिवार रात मुठभेड़ में ढेर कर दिया। मारा गया आरोपी दीपक सिंह निवासी मल्लूचक्क पाकिस्तान में बैठे एक आतंकी के संपर्क में था।
मुठभेड़ के दौरान दीपक सिंह का एक अन्य साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस को इस मामले में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। दोनों आरोपी लगातार फोन के जरिये पाकिस्तान में बैठे आतंकी से तालमेल कर रहे थे। पाकिस्तान के आतंकी लगातार अपने स्लीपर सेल तैयार कर रहे हैं। वे पुलिस अधिकारियों पर हमले करवा रहे हैं। इसके बदले में युवाओं को मोटी रकम देकर रातो-रात अमीर बनने का लालच दिया जा रहा है।
पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि आतंकियों का लक्ष्य केवल पुलिसकर्मी हैं। वे एकांत में अकेले आते-जाते पुलिसकर्मियों को निशाना बनाते हैं। पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पाकिस्तान में बैठे आतंकी युवाओं को झांसे में लेते हैं। वे पुलिस अधिकारी पर हमला करने के बाद वीडियो बनाने का लालच देते हैं। इसके बदले में पाकिस्तान से उन्हें हेरोइन और हथियारों की खेप भेजी जाती है। इसे आगे सप्लाई करने पर लाखों रुपये हवाला के जरिये प्राप्त होते हैं। यह साजिश युवाओं को अमीर बनने का प्रलोभन देकर अंजाम दी जा रही है।
प्रताड़ना से तंग युवक ने की जान देने की कोशिश, सरपंच पर केस
पटियाला की सुनाम तहसील के गांव नमोल ्में एक व्यक्ति ने नशे पर वीडियो बनाने के बाद प्रताडऩा का आरोप लगाकर जान देने की कोशिश की। वहीं सरपंच पर केस दर्ज होने के बाद ग्रामीण उसके समर्थन में आ गए। सुनाम के गांव नमोल में नशे के खिलाफ सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करने वाले एक व्यक्ति द्वारा कथित उत्पीडऩ व पुलिस सुनवाई न होने से आहत होकर जहरीली वस्तु निगलने का मामला गहरा गया है।
अस्पताल में उपचाराधीन पीड़ित जग्गा सिंह ने बताया कि उसने इलाके में बिक रहे नशे के खिलाफ आवाज उठाते हुए एक वीडियो पोस्ट की थी। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह अतीत में खुद नशे का आदी रह चुका है। पीडि़त का आरोप है कि वीडियो सामने आने के बाद गांव का सरपंच और उसके साथी उसे लगातार प्रताडि़त करने लगे। आरोपियों ने उसके घर में घुसकर तोडफ़ोड़, मारपीट और जान से मारने की धमकियां दीं। साक्ष्य मिटाने के लिए आरोपियों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और डीवीआर भी उखाडक़र साथ ले गए। जग्गा सिंह ने वीडियो में रोते हुए बताया कि उसने इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस को दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लगातार मिल रही धमकियों और पुलिस के ढुलमुल रवैये से आहत होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
मां करती है नशे की पूर्ति, ताकि बेटा जिंदा रहे
बठिंडा के एक गांव जयसिंहवाला की एक महिला सीबो कौर ने बातचीत के दौरान बताया कि उनके दो बेटे थे, एक की सडक़ हादसे में मौत हो गई। 24 साल का दूसरा बेटा चिट्टे एवं अन्य मेडिकल नशे की चपेट में आ गया। महिला ने बताया कि अब हालात यह है कि मैं अपने बेटे की नशे की पूर्ति के लिए लोगों के घरों में काम करने को मजबूर हूं। महिला ने बताया कि अगर वह अगर एक दिन अपने बेटे के लिए नशे की पूर्ति नहीं कर पाती तो रातभर उसे डर लगा रहता है कि कहीं उसके बेटे की नशा न मिलने के कारण मौत न हो जाए। इसलिए अब वो अपने बेटे को जिंदा रखने के लिए खुद नशे की पूर्ति के लिए पैसे जुटाती है।
कारपेंटर को भी नशे ने दी मौत
करीब तीन-चार दिन पहले गांव जय सिंह वाला की एक जगह से गुरादित्ता रिंमपल नामक युवक का शव मिला था, जिसकी बाजू पर इंजेक्शन लटक रहा था। मृतक युवक के चाचा सुखपाल सिंह ने बताया कि मेरा भतीजा बहुत अच्छा कारपेंटर था, लेकिन बुरी संगत में पडऩे के बाद वह नशे की दलदल में फंस गया। उन्होंने बताया कि गांव में चिट्टा और गोलियों को पीस कर पाउडर बनाकर तस्करों द्वारा शरेआम बेचा जा रहा है, लेकिन जब भी पुलिस आती है तो तस्कर गायब हो जाते हैं।

















