भारत लगातार अपनी सैन्य क्षमताओं को मजबूत करता जा रहा है। इसी क्रम में भारतीय सेना में जल्द ही एक नए योद्धा की एंट्री होने जा रही है। ये योद्धा कोई और नहीं, बल्कि ये अमेरिका निर्मित खतरनाक अपाचे हेलिकॉप्टर है, जिसका पहला बैच इसी महीने भारत आ रहा है। फर्स्ट बैच में तीन बोइंग AH-64E अपाचे हेलिकॉप्टर भारत पहुंचेंगे।
लाइव हिन्दुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार, हवा में टैक के तौर पर विख्यात इन हेलिकॉप्टरों को लेकर कहा जा रहा है कि पहले बैच को पाकिस्तान से सटी देश की पश्चिमी सीमा पर तैनात किया जाएगा।
5 साल पहले हुआ था समझौता
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार ने ऐसे 6 अपाचे बोइंग AH-64E हेलिकॉप्टरों के लिए अमेरिका के साथ समझौता किया था। 600 मिलियन डॉलर की लागत में ये समझौता हुआ था। बताया जाता है कि पहले इसे मई-जून 2024 तक ही डिलीवर किया जाना था। लेकिन, अमेरिका ने तकनीकी खामियों के चलते इसकी डिलीवरी डेट को बढ़ाकर दिसंबर 2024 कर दिया। लेकिन दिसंबर आते-आते एक बार फिर से इसमें कुछ तकनीकी खराबी चलते इसकी डिलीवरी नहीं की गई। लेकिन, अब 15 माह के बाद अमेरिकी विमान निर्माता बोइंग ने जुलाई और नवंबर तक इसकी पूरी डिलीवरी करने की बात कही है।
क्या है इसकी खासियत
इस हेलिकॉप्टर के बारे में जानने की कोशिश करें तो पाएंगे कि AH-64E अपाचे दुनिया का सबसे उन्नत मल्टी-रोल कॉम्बैट हेलिकॉप्टर माना जाता है। यह अत्याधुनिक हथियारों और तकनीकों से लैस है, जो इसे युद्धक्षेत्र में एक गेम-चेंजर बनाता है। इसमें 30mm M230 चेन गन है, जो प्रति मिनट 625 राउंड फायर कर सकती है। इसके अलावा, इसमें 16 AGM-114 हेलफायर मिसाइलें, स्टिंगर हवा-से-हवा मिसाइलें और 70mm रॉकेट शामिल हैं। इसके अलावा अपाचे बेहतर थ्रस्ट, डिजिटल ऑपरेबिलिटी, और नाइट विजन सिस्टम भी लगा है, जो कि इसे रात में भी ऑपरेशन करने में मदद करता है। साथ ही ये AN/APG-78 लॉन्गबो फायर-कंट्रोल रडार से भी लैस है, जो कि 128 लक्ष्यों को एक मिनट में ट्रैक कर सकता है और 16 को तुरंत निशाना बना सकता है।
22 अपाचे हेलिकॉप्टर पहले ही हो चुके हैं शामिल
गौरतलब है कि अपाचे हेलिकॉप्टरों की दक्षता को देखते हुए भारत सरकार ने 2015 में 13,952 करोड़ रुपए में 22 हेलिकॉप्टरों के लिए सौदा किया था। ये भारतीय सेना में पहले से ही शामिल हो चुके हैं। अब ये 6 अन्य हेलिकॉप्टरों की नई फ्लीट है।
















