देहरादून । यूपी उत्तराखंड बॉर्डर पर हुई पुलिस के साथ मुठभेड़ में अजहर और सिकंदर घायल हो गए है, इन दोनों को एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये दोनों , बीजेपी नेता रोहित नेगी की हत्या के आरोपी है।
रोहित नेगी की गोली मार कर हत्या दो दिन पूर्व अजहर ने की थी और उसके साथ बाइक पर सिकंदर उर्फ आयुष भी था, जिसके बाद ये दोनों फरार हो गए थे। बताया जाता है कि अजहर के खिलाफ यूपी और उत्तराखंड में पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज है।
एसएसपी अजेय सिंह के मुताबिक रोहित नेगी की हत्या के आरोपियों को यूपी उत्तराखंड बोर्डर पर पुरकाजी क्षेत्र में घेराबंदी की थी, पुलिस ने इन्हें आत्मसमर्पण के लिए चेतावनी दी थी जिसपर अजहर द्वारा पुलिस टीम पर फायर किया गया,जिसके बाद पुलिस को आत्मसुरक्षा में गोली चलानी पड़ी ,परिणाम स्वरूप अजहर और उसका साथी सिकंदर को गोली लगी जिन्हें घायल अवस्था में एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रोहित नेगी बीजेपी का पूर्व मंडल अध्यक्ष रहा है और वो अपने घर का इकलौता लड़का था और क्षेत्र में एक मददगार युवक के रूप में जाना जाता था। उसकी हत्या के बाद सेलाकुई क्षेत्र में हिंदुनिष्ठ संस्थाओं के साथ साथ बीजेपी कार्यकर्ताओं में बेहद गुस्सा था। सांप्रदायिक माहौल न बिगड़े ऐसे हालात को देखते हुए पुलिस ने यहां फ्लैग मार्च भी किया और लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील भी की।
उधर इस मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी पुलिस अधिकारियों का जवाब तलब भी किया,जिसके बाद पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों के खिलाफ कारवाई की।
सीएम धामी ने स्पष्ट कहा था कि यूपी के अपराधियों के लिए उत्तराखंड सैरगाह न बने ये जिम्मेदारी उत्तराखंड पुलिस की है। देव भूमि में अपराध करने वाली को माफ नहीं किया जाएगा उन्हें बक्शा नहीं जाएगा।

















