नागपुर/नई दिल्ली । 5 जून 2025 को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी ने नागपुर के रेशीमबाग स्थित कार्यकर्ता विकास वर्ग – द्वितीय के समापन समारोह को संबोधित किया। यह प्रशिक्षण वर्ग 25 दिनों तक चला। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ जनजातीय नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरविंद नेताम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रसिद्ध गायिका आशा ताई भोसले को भी आमंत्रित किया गया था। हालांकि, स्वास्थ्य संबंधी कारणों से वे कार्यक्रम में सम्मिलित नहीं हो सकीं।
उन्होंने सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी को एक भावुक पत्र लिखा और अपनी असमर्थता जताई।
पत्र में उन्होंने लिखा- “आपके द्वारा कार्यकर्ता विकास वर्ग – द्वितीय के समापन समारोह में आमंत्रण दिए जाने के लिए मैं अत्यंत आभारी हूं। आपने मेरे घर आकर व्यक्तिगत रूप से और बाद में औपचारिक रूप से मुझे आमंत्रित किया, इसके लिए आभार। मेरी यह प्रबल इच्छा थी कि मैं संघ मुख्यालय आकर उन कार्यकर्ताओं को देखूं जो राष्ट्रसेवा के लिए स्वयं को समर्पित करने का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। लेकिन दुर्भाग्यवश, अमेरिका से लौटने के बाद अस्वस्थता के कारण यह संभव नहीं हो पा रहा है। डॉक्टरों ने मुझे पूर्ण विश्राम की सलाह दी है। इसलिए, सारी तैयारियां करने के बाद भी मुझे यह यात्रा भारी मन से रद्द करनी पड़ रही है।”
उन्होंने आगे लिखा- “मैंने संघ के कार्यों को लेकर अपनी शुभेच्छा और भावना पहले ही प्रकट की है। संघ स्वयंसेवक और उनका कार्य हमारे देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक बड़ी आशा और सहारा हैं। मैं संघ के कार्यों के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं और यथासंभव सहयोग का आश्वासन भी देती हूं। मेरी हार्दिक इच्छा है कि मैं शीघ्र स्वस्थ होकर आपसे व्यक्तिगत रूप से भेंट कर सकूं। आशा है कि यह शीघ्र ही संभव होगा।”
प्रसिद्ध गायिका आशा ताई भोसले के इस पत्र के उत्तर में संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी ने आशा ताई भोसले को शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं और शीघ्र मुलाकात का आश्वासन दिया।

















