ढाका । बांग्लादेश में हिन्दुओं पर अत्याचार की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला जैसोर जिले के दहरामशियाहाटी गांव से सामने आया है, जहां अल्पसंख्यक हिन्दू समुदाय के 20 घरों को कट्टरपंथियों ने लूटने के बाद आग के हवाले कर दिया गया। उन्मादियों के हिंसक हमले में पीड़ित हिन्दुओं ने अपनी संपत्ति और घर सहित सब कुछ खो दिया।
हमलावर कट्टरपंथियों ने पहले हिन्दू घरों से नकदी और सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए, उसके बाद हिन्दू महिलाओं से छेड़छाड़ करते हुए कई लोगों के साथ मारपीट की गई। साथ ही, गांव के मंदिर को भी इस्लामिक चरमपंथियों ने निशाना बनाया। उन्मादियों के इस हमले में कई लोग घायल हुए हैं।
दुकानों को भी बनाया गया निशाना
बहुसंख्यक कट्टरपंथियों के इसी हिंसक हमले के दौरान सुंदरली बाजार में दो दुकानों को पूरी तरह जला दिया गया, जबकि चार अन्य दुकानों को गंभीर नुकसान पहुंचाया गया। यह सब उस वक्त हुआ जब इलाके में तनाव पहले से ही चरम पर था।
बीएनपी नेता की हत्या के बाद भड़की हिंसा
22 मई को जैसोर के दहरामशियाहाटी गांव में एक स्थानीय विवाद के दौरान बीएनपी नेता तारिकुल इस्लाम की हत्या हो गई थी। इसके बाद गांव में रहने वाले हिंदू समुदाय के लोगों को निशाना बनाया गया। पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि उनका इस हत्या से कोई संबंध नहीं था, फिर भी उन्हें प्रताड़ित किया गया।
अन्य जिलों में भी अल्पसंख्यकों पर हमले
इस तरह की हिंसा की घटनाएं जैसोर तक सीमित नहीं रहीं। माणिकगंज जिले में मां काली के मंदिर में आग लगा दी गई, जबकि मगुरा जिले में हिंदू समुदाय के घरों में घुसकर लूटपाट की गई। इस बढ़ती असहिष्णुता के खिलाफ देश की राजधानी ढाका में राष्ट्रीय प्रेस क्लब के बाहर विभिन्न संगठनों ने मानव श्रृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से घटनाओं की निष्पक्ष जांच की मांग की।
राजनीतिक अस्थिरता और चुनाव की मांग
राजनीतिक मोर्चे पर, बांग्लादेश के कई राजनीतिक दलों ने दिसंबर तक चुनाव कराने की अपनी मांग फिर दोहराई है। हालांकि, जापान में बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस की उस टिप्पणी को विपक्ष ने सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि एक पार्टी को छोड़ बाकी सभी दिसंबर में चुनाव के पक्ष में नहीं हैं।
बीएनपी की स्थायी समिति के सदस्य मिर्जा अब्बास ने अंतरिम सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा- “यह सरकार पूरी तरह सड़ चुकी है। जो सरकार नौ महीने में सुधार नहीं कर सकी, वह नौ साल या 90 साल में भी कुछ नहीं कर पाएगी। उन्हें (युसुफ) देश से माफी मांगनी चाहिए और पद छोड़ देना चाहिए।”

















