अमेरिका के लॉस एंजिल्स में 97वें एकेडमी अवॉर्ड्स की शुरुआत हो चुकी है, इस बार ऑस्कर 2025 को मशहूर अमेरिकी टेलीविजन होस्ट और कॉमेडियन कॉनन ओ ब्रायन होस्ट कर रहे हैं। यह पहली बार है जब उन्होंने ऑस्कर अवॉर्ड्स को होस्ट किया और अपनी अनोखी शैली से इतिहास रच दिया।
हिंदी में बोले कॉनन ओ’ब्रायन
कॉनन ओ’ब्रायन जानते थे कि इस समय उनका शो दुनियाभर के कई देशों में लाइव देखा जा रहा है। इसी वजह से उन्होंने केवल अंग्रेजी ही नहीं, बल्कि स्पेनिश, हिंदी, चीनी और अन्य भाषाओं में भी दर्शकों को संबोधित किया।
शो की शुरुआत में उन्होंने अपने मजेदार अंदाज में दर्शकों का स्वागत किया और फिर अचानक हिंदी में कहा- “नमस्ते! भारत में अभी सुबह है, इसलिए मुझे उम्मीद है कि आप नाश्ता करते हुए 97वें एकेडमी अवॉर्ड्स का आनंद ले रहे होंगे।” न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक, कॉनन ओ’ब्रायन ऑस्कर अवॉर्ड्स के मंच पर हिंदी बोलने वाले पहले होस्ट बन गए हैं।
कॉनन क्रिस्टोफर ओ’ब्रायन एक प्रसिद्ध अमेरिकी टेलीविजन होस्ट, हास्य अभिनेता, लेखक और निर्माता हैं। वे अपने देर रात के टॉक शो के लिए जाने जाते हैं, जिनमें शामिल हैं –
- लेट नाइट विद कॉनन ओ’ब्रायन (1993-2009)
- द टुनाइट शो विद कॉनन ओ’ब्रायन (2009-2010)
- कॉनन (2010-2021)
ऑस्कर 2025 में ‘अनोरा’ का जलवा
इस साल ‘अनोरा’ नाम की फिल्म ने ऑस्कर में सबसे ज्यादा सफलता हासिल की। सेक्स वर्कर की कहानी पर आधारित इस फिल्म को बेस्ट पिक्चर सहित कुल 5 श्रेणियों में ऑस्कर अवॉर्ड्स मिले।
यह ऑस्कर 2025 की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक बन गई है।












