पंजाब में माहौल खराब करने की कोशिशें जारी हैं, आतंकवादियों को गिरफ्तार किया जा रहा है और हथियार बरामद किए जा रहे हैं। इसी तरह, कल रात अज्ञात लोगों ने बठिंडा जिले के जयसिंहवाला गांव के एक स्कूल की दीवारों पर गंदे नारे लिख दिए, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री एस. बेअंत सिंह के सुसाइड बॉम्बर दिलावर बब्बर को शहीद बताया गया। यह नारे प्रतिबंधित आतंकी संगठन सिख फार जस्टिस (एसएफजे) के लिखे होने के दावे किए गए हैं। दीवारों पर नारे देखे जाने के बाद गांव के लोगों ने इसकी सूचना ग्राम पंचायत को दी। मामले की जानकारी मिलते ही देहाती पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह गांव के कुछ लोगों की नजर सरकारी स्कूल की दीवार और एक अन्य दीवार पर लिखे नारों पर पड़ी। लोगों ने इसकी जानकारी ग्राम पंचायत के सदस्यों को दी। इसके बाद पंचायत सदस्य मौके पर पहुंचे और मामले की सूचना थाना सदर पुलिस को दी।
सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलने के बाद थाना सदर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों स्थानों का जायजा लिया। पुलिस ने दीवारों पर लिखे नारों की जानकारी जुटाने के साथ यह पता लगाने की कोशिश शुरू कर दी है कि इन्हें किसने और कब लिखा। थाना सदर के एसएचओ मुनीश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा नारे लिखे जाने से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
संदिग्ध की तलाश में पुलिस
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात को किसी एक व्यक्ति ने अंजाम दिया या इसमें कई लोग शामिल थे। आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही नारे लिखने वाले व्यक्ति या लोगों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने गांव में लिखे गए नारों को लेकर जांच तेज कर दी है और आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस ने अपने उच्चाधिकारियों को घटना की सूचना दे दी है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

















